Muzaffarnagar:दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने फांसी लगाकर जान दी, पुलिस जांच में सामने आई ये बात
मेरठ में दुष्कर्म पीड़िता ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया गया कि किशोरी मुजफ्फरनगर में अपनी बुआ के यहां रह रही थी। उसकी मां उसे पिछले दिनों अपने साथ मेरठ लेकर आई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र निवासी दुष्कर्म पीड़ित किशोरी(17) ने शुक्रवार को दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी अपनी बुआ के पास रहती थी, मां उसे अपने साथ लेकर आ गई तो उसने आत्महत्या कर ली।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसके पति राज मिस्त्री थे। पति की मौत के बाद वह बेटी और दो बेटों का मजदूरी कर पालन पोषण कर रही है। 30 जनवरी को महिला बेटी को लेकर पल्लवपुरम कॉलोनी में किराए के मकान में ले आई थी। शुक्रवार को महिला मजदूरी पर चली गई।
इस दौरान घर पर मौजूद बेटी ने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर शाम जब मां घर पहुंची तो बेटी को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर मकान मालिक व पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो पुलिस को जानकारी दी गई। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
यह भी पढ़ें: Murder in Meerut: घर में सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या, चारपाई पर लहूलुहान शव मिला
पहले मां बोली, आरोपी की धमकी से तंग आकर की आत्महत्या
इससे पहले किशोरी की मां ने बताया कि मुजफ्फरनगर के सोरम गोला गांव निवासी राजीव ने उसकी बेटी के साथ 2020 में दुष्कर्म किया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।
मुकदमे का कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। महिला ने बताया कि दो दिन से लगातार तारीख होने के चलते वह मुजफ्फरनगर बेटी के साथ जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने बेटी से हाथापाई करते हुए मुकदमा वापस नहीं लेने पर गोली मारने की धमकी दी। धमकी के बाद से ही बेटी डरी हुई थी। इसके चलते उसने खुदकुशी कर ली।
पुलिस बोली-मां के साथ नहीं रहना चाहती थी किशोरी
वहीं, पूरे मामले में सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि मृतका लंबे समय से शामली में अपनी बुआ के साथ रह रही थी। दो महीने पहले मृतका की मां ने पल्लवपुरम थाने में शिकायत की थी कि मेरी बेटी और बेटा शामली में ननद के पास रहते हैं। उसने बेटी को साथ रखने की बात कही तो पल्लवपुरम पुलिस शामली गई थी। वहां पर किशोरी ने मां के साथ रहने से इनकार कर दिया था। उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी थी।
30 जनवरी को किशोरी के मुजफ्फरनगर कोर्ट में बयान के बाद मां उसे साथ लेकर मेरठ आ गई थी। शुक्रवार को किशोरी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मां से पूछताछ की तो सामने आया कि बेटी उसके साथ नहीं रहना चाहती थी।
परिजनों ने तहरीर देने से मना कर दिया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि महिला द्वारा किसी भी तरह की धमकी आदि की शिकायत लिखित या मौखिक रूप से पल्लवपुरम पुलिस को नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।