सिसौली में होगा जश्न: खतौली पहुंचा टिकैत का काफिला, बोले- सभी की हुई जीत, चुनाव लड़ने का नहीं कोई विचार
कृषि कानूनों की वापसी के बाद राकेश टिकैत आज अपने घर वापस लौटे रहे हैं। उनके स्वागत के लिए किसान भवन को रोशनी से सजाया गया है। वहीं रास्ते में भी उनका जगह-जगह पर जोरदार स्वागत किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का काफिला मेरठ में सिवाया टोल प्लाजा होते हुए खतौली पहुंच गया है। वहीं सिवाया टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं ने काफिले का फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया। यहां टिकैत का काफिला कुछ देर रुककर सिसौली के लिए रवाना हो गया। आज सुबह राकेश टिकैत का काफिला गाजीपुर बॉर्डर से सिसौली के लिए रवाना हुआ था। टिकैत के काफिले का बीच-बीच में जोरदार स्वागत किया जा रहा है। बताया गया कि कई जगहों पर स्वागत के लिए बड़ी तैयारी की गई है।
टिकैत बोले- सभी की हुई जीत, चुनाव लड़ने का नहीं कोई विचार
गाजीपुर बॉर्डर से धरना समाप्त कर वापस लौट रहे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता के काफिले का जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया जा रहा है। सिवाया टोल प्लाजा पर मीडिया से बातचीत के दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि यह सभी की जीत है, इस जीत में सफाई कर्मचारी, किसान, चिकित्सक, मीडिया और जनता का काफी सहयोग रहा है। सभी को आभार।
उन्होंने कहा कि कृषि कानून वापस हो चुके हैं। एमएसपी पर गारंटी कानून, बॉर्डर पर शहीद हुए किसानों को मुआवजा दिए जाने के लिए सरकार के आगे प्रस्ताव रखा गया है। कृषि कानून वापस होना देश के किसानों की जीत हुई है। जश्न का माहौल है, सभी किसान अपने घर पहुंचकर जश्न मनाएंगे। पांच बजे के बाद सिवाया टोल प्लाजा पूरी तरह टोल कर्मियों के हैंड ओवर कर दिया जाएगा।
वहीं चुनाव लड़ने की बात पर बोले कि चुनाव लड़ने का कोई विचार नहीं है। किसान हित में ही लड़ाई लड़ी जाएगी। सरकार को 15 जनवरी तक का समय दिया गया है। अभी धरना पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि स्थगित किया गया है।
टिकैत के ऊपर क्रेन से हुई फूलों की बरसात
किसान आंदोलन में फतेह के बाद घर लौट रहे आंदोलन के सबसे प्रमुख चेहरा चौधरी राकेश टिकैत का परतापुर से लेकर सिवाया टोल प्लाजा तक एक नायक की तरह भव्य स्वागत हुआ। किसानों और युवाओं ने टिकैत के ऊपर क्रेन से फूल बरसाए और आतिशबाजी की गई। 383 दिन बाद घर वापसी कर रहे टिकैत के काफिले में सैकड़ों गाड़ियां और ट्रैक्टर थे। टोल प्लाजा पर मीडिया से बातचीत करते हुए टिकैत ने कहा अभी धरना स्थगित हुआ है खत्म नहीं। सरकार को 15 जनवरी तक का समय दिया गया है। उसके बाद संयुक्त मोर्चा जो भी फैसला लेगा उस पर काम किया जाएगा।
टिकैत ने किसानों से कहा कि आज जश्न का समय है, घर जाओ और जश्न मनाओ। उन्होंने सिवाया टोल प्लाजा पर छह महीने से चल रहा धरना भी खत्म करने का एलान किया। कहा कि शाम छह बजे तक टोल खाली कर दिया जाएगा।
युवाओं में लगी सेल्फी लेने की होड़
आंदोलन के सबसे बड़ा चेहरा बने टिकट के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं में इस कदर क्रेज रहा कि कई बार धक्का-मुक्की होने की नौबत आ गई।
यह भी पढ़ें: शादियों में सियासी धुन पर लग रहे ठुमके: कार्ड पर नेताजी की फोटो, तो आंदोलन के रंग में रंगी दुल्हन की चुनरी
आज राकेश टिकैत की घर वापसी, गाजीपुर से सिसौली तक बजेगा रणसिंघा
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समाप्त हो जाने के बाद भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत आज घर वापसी करेंगे। गाजीपुर बॉर्डर से सिसौली तक किसान उनका अभिनंदन करेंगे। खतौली, सौरम, हड़ौली और सिसौली में मुख्य कार्यक्रम होंगे। किसान भवन को रोशनी से सजाया गया है। भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है।
पिछले साल 25 नवंबर को भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत किसानों के साथ गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे थे। टिकैत ने एलान किया था कि जब तक कानून वापस नहीं होंगे, वह अपने घर नहीं जाएंगे। केंद्र सरकार ने कानून वापस ले लिए हैं और अन्य मांगों पर सहमति बन गई है।
बता दें कि सर्वखाप पंचायतों का केंद्र रही सोरम चौपाल पर वह सबसे पहले पहुंचेंगे और यहां किसानों से बात करेंगे। सोरम से शाहपुर होते हुए टिकैत हड़ौली गांव पहुंचेंगे। यहां पर सद्भावना समारोह में शामिल होंगे। हड़ौली से वह सिसौली स्थित किसान भवन पर जाएंगे और यहां से सिसौली में ही अपने आवास पर जाएंगे। मुजफ्फरनगर स्थित आवास पर वह गुरुवार को पहुंचेंगे।
रोशनी से नहाया किसान भवन
सिसौली की पट्टी चौधरान स्थित किसान भवन रोशनी से सजाया गया है। मंगलवार को किसानों ने इसे सजाने का कार्य किया। दिनभर यहां पर लोगों की आवाजाही लगी रही और स्वागत की तैयारी की गई।
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाके में मची चीख-पुकार, देखिए हादसे की तस्वीरें
11 क्विंटल लड्डू बांटेंगे किसान
चौधरी राकेश टिकैत की घर वापसी पर सिसौली में 11 क्विंटल लड्डू बांटे जाएंगे। इसके लिए दिनभर तैयारियां की गई। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत खुद कार्यक्रमों की निगरानी कर रहे हैं।