‘मुरली मनोहर जोशी प्रूफ दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में शुक्रवार को आए भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. मुरली मनोहर जोशी के बयान से कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल खफा हैं। उन्होंने कहा कि कोयला घोटाला मामले में आज तक उनके खिलाफ कोई आरोप सिद्ध नहीं हो पाया है।
मुरली मनोहर जोशी कोई प्रमाण लाकर दे दें तो मैं राजनीति से सन्यास ले लूंगा। यदि वे ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें राजनीति से हट जाना चाहिए। जायसवाल शनिवार को तिलक हाल में पत्रकारों से रूबरू थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी वयोवृद्ध नेता हैं, हम उनका सम्मान करते हैं, लेकिन जिस तरह से वह बयानबाजी कर रहे हैं, वह उनकी उम्र को शोभा नहीं देता। यदि डॉ. जोशी को कुछ कहना है कि तो वह आमने सामने होकर अपनी बात रख सकते हैं।
'कुछ लोगों के हाथों में कोयले के कालिख लगी'
कांग्रेस प्रत्याशी जायसवाल ने जोशी पर पलटवार करते हुए कहा कि वह कि कानपुर की सूरत बदलने आए हैं। यही बात वह पहले उत्तराखंड फिर इलाहाबाद और उसके बाद बनारस के लोगों से कह चुके हैं।
यदि इन स्थानों की सूरत बदली होती तो, उन्हें वहां से क्यों भागना पड़ता। कोयला मंत्री ने कहा कि डॉ. जोशी चुनाव लड़ने आए हैं, उनका स्वागत है। लेकिन वह गलत बयानी से बचें, क्योंकि कानपुर की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
गौरतलब है कि जोशी ने शुक्रवार को शहर में सभा के दौरान कहा था कि मैं ऐसी जगह से चुनाव लड़ रहा हूं, जहां कुछ लोगों के हाथों में कोयले के कालिख लगी है।
समय पर दूंगा जवाब
मुरली मनोहर जोशी से जब श्रीप्रकाश जायसवाल की चुनौती के विषय में पूछा गया तो कुछ देर चुप रहे, फिर बोले यह होली का मौका है, इसमें सिर्फ एक दूसरे से मिलकर खुशी जाहिर की जाती है। श्रीप्रकाश क्या कह रहे हैं, उसका जवाब बाद में दिया जाएगा। बदलाव का समय है, यह माहौल से नजर आ रहा है।