{"_id":"de846af0-7213-11e2-9304-d4ae52bc57c2","slug":"mulayam-criticise-up-ministers-will-take-action","type":"story","status":"publish","title_hn":"मंत्रियों पर कठोर सपा सुप्रीमो बोले, जल्द लूंगा क्लास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंत्रियों पर कठोर सपा सुप्रीमो बोले, जल्द लूंगा क्लास
लखनऊ/ब्यूरो
Updated Fri, 08 Feb 2013 11:30 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का मंत्रियों को लेकर कठोर रुख मुलायम नहीं हो रहा है। उन्होंने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि मंत्री उन्हें बेवकूफ न समझें। वह जल्द ही मंत्रियों की क्लास लेंगे। उनसे कोई एक ऐसा काम पूछेंगे जिससे चमत्कार हो गया हो या होने वाला हो अथवा पार्टी या कार्यकर्ताओं को फायदा हुआ हो।
विज्ञापन
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि मंत्रियों व कार्यकर्ताओं की छवि बेदाग रही तो पार्टी लंबे समय तक सत्ता में बनी रहेगी। लोकसभा चुनाव की चिंता से जूझ रहे सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा कि किसी भी वजह से चुनाव हारे तो सिर नीचा होगा। मुलायम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अपने काम लेकर मंत्रियों व अधिकारियों के पास जाएं। अगर कोई जायज काम न सुनें तो मुझे बताएं। मंत्री हो या अधिकारी, उसे कार्यकर्ताओं के काम करने ही होंगे।
विज्ञापन
सपा मुखिया मुलायम ने कहा कि जब पार्टी मजबूत होगी तो सरकार भी मजबूत होगी। पार्टी के लोगों को दूसरी पार्टियों के कार्यकर्ताओं की तरह पैसे की राजनीति का रोग नहीं लगना चाहिए। कार्यकर्ता की छवि बेदाग हो। सरकार की छवि अलग दिखाई पड़े। यह लोकसभा चुनाव के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।
विज्ञापन
वरिष्ठ मंत्री शिवपाल यादव, सांसद नरेश अग्रवाल, पार्टी प्रवक्ता व मंत्री राजेन्द्र चौधरी के साथ मौजूद मुलायम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पश्चिम बंगाल में 32 साल तक मार्क्सवादी पार्टी की सरकार रही। यह तब तक चली जब तक सरकार और कार्यकर्ताओं की छवि बेदाग रही। जैसे छवि बिगड़ी तो बंगाल से वामपंथी सरकार के पैर भी उखड़ गए। सपा कार्यकर्ताओं को इससे सबक लेना चाहिए।
मुलायम ने कहा कि अखिलेश सरकार कई अच्छे काम कर रही है। पढ़ाई-दवाई और सिंचाई मुफ्त कर दी है। किसानों की बंधक जमीन की नीलामी रोक दी है। भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। एक रुपये में अस्पताल में इलाज हो रहा है। मरीज को अस्पताल तक लाने के लिए 108 नंबर की एंबुलेंस सेवा चल रही है। मुस्लिम लड़कियों को अनुदान दिया जा रहा है। दूसरे राज्य इन कामों की नकल कर रहे हैं।
मुलायम ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस मतदाताओं को गुमराह कर रहे है। सपा कार्यकर्ताओं को इसके खिलाफ लोगों को सतर्क करना है। जनता को बताएं कि अन्य राज्य प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की नकल कर रहे हैं। मंत्री और अधिकारी सभी को कार्यकर्ताओं की बात सुन उस पर कार्रवाई करनी चाहिए। सपा में सबको बोलने की आजादी है पर अनुशासनबद्ध ढंग से।
थानों व तहसीलों में ली जाती है घूस
मुलायम ने कहा कि प्रदेश के थाने व तहसील सुधारने होंगे। थानों व तहसीलों में ली जाती है घूस। कई बार कहा जा चुका है। पर, मान नहीं रहे। अगर हम मुख्यमंत्री होते तो बात न सुनने वाले ठीक हो जाते।
मुख्यमंत्री पद वैसे ही नहीं छोड़ा है। सरकार पर अंकुश लगाने व जनता व कार्यकर्ताओं के बीच रहने के लिए यह पद छोड़ा है। मैं नहीं चाहता कि मंत्रियों का सम्मान कम हो लेकिन उन्हें भी पार्टी व कार्यकर्ताओं को ध्यान रखना होगा। कुछ अधिकारियों की काफी शिकायतें आ रही हैं। इस बारे में भी मंत्रियों से बात करूंगा।
अधिकारियों को भी ठीक होना होगा। कुछ लोगों के कामकाज से रामगोपाल भी नाराज हैं। सरकार में बैठे लोग अपना काम सुधार लें, नहीं तो कठोर कार्रवाई करनी होगी। सबसे बड़ा लक्ष्य लोकसभा चुनाव है। अगर हारे तो प्रदेश सरकार कमजोर होगी। मंत्रियों को बुलाकर छह महीने में चमत्कारी काम करने को कहूंगा। जिससे लोकसभा चुनाव में लाभ मिले। देश में मुसलमानों की हालत बहुत खराब है। सपा कार्यकर्ताओं को इनकी हालत सुधारने का काम करना होगा।