मुकदमा दर्ज करने के लिए इंस्पेक्टर मांग रहा था एक लाख, भाकियू नेता ने प्रताड़ना में दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय किसान यूनियन के नेता आनंद प्रताप सिंह उर्फ नीटू चौहान का शव गुरुवार को अपने ही घेर में फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि मूंढापांडे थाने में नीटू के खिलाफ पुलिस ने खाद्य विभाग की टीम से मारपीट का फर्जी मामला दर्ज किया था। पुलिस उन्हें लगातार परेशान कर रही थी। पुलिस उत्पीड़न से तंग आकर उन्होंने अपनी जान दे दी। उधर परिजनाें तथा भाकियू कार्यकर्ताओं ने रात को ही मोर्चरी पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। बाद में अधिकारियों ने आश्वासन देकर मामला शांत किया।
नीटू चौहान मूंढापांडे के चकलालपुर गांव निवासी थे। वह भाकियू के मूंढापांडे ब्लाक के अध्यक्ष थे। परिवार में पत्नी सतलेश, दो बेटियां पूजा और भारती हैं। दो भाई विजय प्रताप सिंह और नरेंद्र प्रताप सिंह हैं। मां निर्मला देवी हैं। भाई विजय प्रताप ने बताया कि 27 सितंबर 2019 में नीटू के खिलाफ मूंढापांडे थाने में खाद्य विभाग की टीम के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का झूठा केस दर्ज किया था।
इस मामले को लेकर मूंढापांडे थाने के तत्कालीन प्रभारी शक्ति सिंह उन्हें परेशान कर रहे थे। ये तीनों केस शक्ति सिंह के थाना प्रभारी रहते हुए दर्ज किए गए थे। जिसे लेकर पुलिस आए दिन परेशान कर रही थी। गुरुवार सुबह ग्यारह बजे नीटू चौहान पूजा करने के बाद फोन कर बात करते हुए घर से निकले। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। साढ़े बारह बजे नीटू की मां घेर में भूसा लेने के लिए कमरे में घुसी तो उनकी चीख निकल गई।
यहां छत में गार्डर से बंधी रस्सी के फंदे पर नीटू का शव झूल रहा था। मां की चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़े। उन्होंने रस्सी काट कर नीटू को नीचे उतारा और इस उम्मीद की शायद सांसें बची हों, वह उन्हें लेकर साईं अस्पताल पहुंच गए। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नीटू चौहान के भाई ने बताया कि इंस्पेक्टर शक्ति सिंह केस खत्म करने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर हाईवे सीओ राम सागर मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने जांच के बाद केस दर्ज कराने का आश्वासन दिया। लेकिन परिजन और भाकियू नेता धरने पर बैठ गए थे। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि सुसाइड की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जानकारी मिली है। इस बाबत अधिकारियों से बात की जाएगी कि आखिर ऐसी नौबत क्यों आ गई। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
- नरेश टिकैत राष्ट्रीय अध्यक्ष भाकियू