Moradabad: दो बाइक सवारों की जोरदार भिड़ंत, हादसे में एक की मौके पर मौत, चार गंभीर रूप से घायल
प्रेमशंकर किसान मजदूर था उसके परिवार में चार बेटे दो बेटियां और एक पत्नी है। पुलिस ने सीएससी पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
मुरादाबाद के बिलारी कोतवाली क्षेत्र में सिरसी रोड पर रविवार को दो बाइक सवारों की आमने- सामने से हुई भिड़ंत में एक बाइक सवार की मौत और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सर्किल के थाना मैनाठेर के नरोदा गांव निवासी प्रेम शंकर सिंह उम्र 55 वर्ष अपने बेटे अमन और पत्नी चंद्र पति के साथ अपने गांव से सिरसी होते हुए बिलारी नगर में अपने रिश्तेदार के एक सगाई समारोह में शामिल होने आ रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक बिलारी सिरसी रोड पर राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची तभी बिलारी की ओर से जा रहे बाइक सवार मोहम्मद जीशान ग्राम रोड़ा थाना मुंडा पांडे और उसके पीछे बैठे ममेरे भाई सरताज निवासी ग्राम रोड़ा थाना मुंडा पांडे की बाइक प्रेमशंकर की बाइक से टकरा गई।
बाइक को स्वयं प्रेमशंकर चला रहा था। दोनों बाइक सवारों की गति तेज होने की वजह से इतनी जबरदस्त भिड़ंत हुई कि दोनों बाइक पर सवार पांच लोग गंभीर घायल हो गए। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएससी बिलारी लाया गया। सिर में गंभीर चोट होने की वजह से प्रेमशंकर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रेमशंकर किसान मजदूर था उसके परिवार में चार बेटे दो बेटियां और एक पत्नी है। पुलिस ने सीएससी पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।