Moradabad: रोडवेज बस ने बाइक सवारों को रौंदा, ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, आरोपी चालक- परिचालक फरार
छजलैट इलाके में रोडवेज बस ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इसमें दोनों युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक फरार हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर पचोकरा गांव अनुबंधित रोडवेज बस ने बाइक सवार ममेरे-फुफेरे भाइयों को रौंदा दिया। हादसे में शुभम (27) और मनदीप उर्फ गोल्डी (26) की मौत हो गई। दोनों बाइक से मुरादाबाद से मनकुआ गांव आ रहे थे। हादसे के बाद चालक व परिचालक बस छोड़कर भाग गए।
सोमवार रात बाइक पर सवार कांठ क्षेत्र के गांव मनकुआ निवासी शुभम संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के सैदपुर गंगो निवासी ममेरे भाई मनदीप उर्फ गोल्डी मुरादाबाद से गांव मनकुआ आ रहे थे।
मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर यात्रियों को लेकर मुरादाबाद जा रही धामपुर डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक-परिचालक बस को छोड़कर भाग गए। इसके चलते मार्ग पर जाम के हालात बन गए। सूचना पर थाना प्रभारी छजलैट लखपत सिंह पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।
शादी से लौट रहे बुजुर्ग की टक्कर से मौत
बाइक की टक्कर से गांव पसियापुर पदार्थ निवासी चांद खां (70) की मौत हो गई। वह गांव किशनपुर गांवड़ी में शादी की दावत खाने गए थे। रात करीब आठ बजे दावत खाकर पैदल घर लौट रहे थे।
जब चांद खां गांव के पास स्थित रामसरन लाल मेमोरियल इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तो पीछे से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें गई। वहीं, हादसे के बाद बाइक सवार भाग गया।
चांद खां के बेटे बब्बू की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस उन्हें लेकर सरकारी अस्पताल में पहुंची, जहां डॉक्टरों ने चांद खां को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।