कुंदरकी हादसा: ट्रेलर में पीछे से घुसी थी कार, मां-बेटी समेत चार की हो गई थी मौत, सीसीटीवी से हकीकत आई सामने
मुरादाबाद के कुंदरकी में दिल्ली से आ रही मां-बेटी की कार का एक्सीडेंट हो गया था। इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सभी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। लंबे समय तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका था।
विस्तार
मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित बिस्कुट फैक्टरी चौराहे पर शनिवार रात करीब डेढ़ बजे ट्रेलर में कार पीछे से घुसी थी। इस हादसे में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कार सवार मां बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने मिठाई की दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जिससे पता चला कि दुर्घटनास्थल पर चाय की दुकान पर ट्रेलर ट्रक रुका था। चाय विक्रेता ने भी पुलिस पूछताछ में इसकी पुष्टि की है।
रविवार रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात वाहन से एक कार टकरा गई थी। इस हादसे में कार सवार नरगिस और उसकी बेटी अलफिया, भांजी सिमरन और बहनोई शमीम उर्फ सम्मू की मौत हो गई। सभी मृतक मुंबई और दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुंदरकी आ रहे थे लेकिन कुंदरकी से पांच किलोमीटर पहले मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर बिस्कुट फैक्ट्री चौराहे के पास हादसा हो गया था।
हादसे में मां-बेटी की दुर्घटनास्थल पर मौत हुई थी जबकि कार चालक और सिमरन ने मुराबाबाद के निजी अस्पतालों में दम तोड़ा था। सोमवार को पुलिस ने हादसा करने वाले वाहन चालक की तलाश में आस पड़ोस के कैमरों की फुटेज खंगाली। जिससे पता चला कि ट्रैक्टर लदा ट्रेलर चाय की दुकान पर रुका था। इसके बाद पुलिस ने चाय विक्रेता गुलाम रब्बानी से पूछताछ की।
तब उसने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान पर एक ट्रेलर रुका था और चालक ने चाय की मांगी थी, लेकिन वह चाय नहीं दे पाया था। इसी बीच तेज रफ्तार कार ट्रेलर से तेज आवाज के साथ टकरा गई थी। जिसके बाद वह डर कर वह अपने घर चला गया था।
वहीं प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार का कहना कि जांच करने पर पता चला कि हादसे के समय कुंदरकी की ओर से आ रही रोडवेज बस से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकरा गई है। हादसे के जिम्मेदार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।
कुंदरकी की जामा मस्जिद में हुआ सामूहिक तीजा
कुंदरकी। हादसे में जान गंवाने वाले मां-बेटी समेत चारों मृतकों का तीजा सोमवार सुबह नगर की जामा मस्जिद में सामूहिक रूप से हुआ। तीजे में लोगों ने कुरान-ए-करीम की तिलावत की। चारों मृतकाें की मगफिरत के लिए कारी मोहम्मद नाजिम ने विशेष रूप से दुआ कराई। वहीं हादसे के दूसरे दिन भी पीड़ित परिवार अपनों को खोने के सदमे से बेहाल नजर आए, जिनको सगे संबंधी और परिचित लोग ढांढस बंधाते रहे।
यातायात के नियमों की अनदेखी जानों पर पड़ रही भारी
कुंदरकी। मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर आए दिन सड़क हादसे सामने आ रहे है, जिसकी वजह से यातायात के नियमों की अनदेखी भी बताई जा रही है। साथ ही वाहनों की तेज स्पीड भी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। हाईवे पर डग्गामार वाहनों की बढ़ती संख्या, चौड़ीकरण और डिवाइडर नहीं होना भी भीषण हादसों का होना भी सबब बन रहा है।
हादसे में तीन भाई बहन की जान बाल बाल बची
कुंदरकी। सोमवार सुबह कुंदरकी चकफाजलपुर संपर्क मार्ग पर बड़ा हादसा होेेने से बाल बाल बचा है। यहां पर चकफजलपुर गांव निवासी नासिर का बेटा जैद दो बहनों के साथ बाइक से स्कूल को जा रहा था। गांव के संपर्क मार्ग पर कुंदरकी की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में साइड मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए।
सड़क पर गिरने के दौरान तीनों को चोटें आई। गनीमत रही कि तीनों भाई बहन अज्ञात वाहन की ओर नहीं गिरे नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घायल जैद का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया है। उधर, कुंदरकी नगर में गुलड़ तिराहे पर स्कूटी फिसलने से किसान पब्लिक इंटर काॅलेज में पढ़ने आ रही कक्षा आठ की छात्रा समीरा निवासी चकफाजलपुर घायल हो गई, जिसको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।