{"_id":"66ee4a25b48370b68f00ad5c","slug":"income-tax-department-action-in-gajraula-online-satta-king-benami-property-seized-team-arrived-from-mumbai-2024-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"गजराैला में आयकर विभाग की कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा किंग की बेनामी संपत्ति कब्जे में ली, मुंबई से पहुंची थी टीम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गजराैला में आयकर विभाग की कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा किंग की बेनामी संपत्ति कब्जे में ली, मुंबई से पहुंची थी टीम
Sat, 21 Sep 2024 09:53 AM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, गजरौला (अमरोहा)
अमर उजाला नेटवर्क, गजरौला (अमरोहा)
Published by: विमल शर्मा
Updated Sat, 21 Sep 2024 09:53 AM IST
सार
मुंबई इनकम टैक्स टीम ने गजराैला में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ऑनलाइन सट्टा किंग रमेश चाैरसिया की बेनामी संपत्ति को कब्जे में ले लिया है। इसमें प्रशासन का बोर्ड भी लगा दिया गया है।
विज्ञापन
गजराैला में कार्रवाई की टीम मुंबई आयकर विभाग की टीम
- फोटो : संवाद
विस्तार
मुंबई आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार को कारोबारी रमेश चौरसिया सहित चार लोगों की अरबों की बेनामी संपत्ति को कब्जे में ले लिया। टीम ने वहां पर अपने बोर्ड लगाकर अचल संपत्ति की खरीद बिक्री पर रोक लगा दी है। चौरसिया पर ऑनलाइन सट्टा चलाने का आरोप है।
विज्ञापन
मुंबई आयकर विभाग इकाई-1 (बेनामी निवेश) की उप आयुक्त कनिका नरूला चार सदस्यीय टीम के साथ शुक्रवार को धनौरा तहसील पहुंचीं। यहां उन्होंने एसडीएम को अवगत कराकर कार्रवाई की।
विज्ञापन
कनिका नरूला ने बताया कि मुंबई में पिछले दिनों पकड़े गए सट्टा किंग रमेश चौरसिया की धनौरा तहसील क्षेत्र में अलग-अलग नाम से करीब तीन हजार बीघे बेनामी जमीन होने की जानकारी मिली थी। अपने सहयोगी के साथ मिल कर उसने चार अलग-अलग कंपनियों के नाम जमीन खरीदा है।
विज्ञापन
पहली कंपनी एआरसी एग्रो केमिकल एलएलपी नाम से है, जो सिहाली मेव में है। यहां 19 अलग-अलग गाटा संख्या में जमीन होने की जानकारी मिली। दूसरी कंपनी एआरसी एग्रीकल्चर एलएलपी के नाम सिहाली मेव में है। यहां भी कई गाटा संख्या में भूमि है।
आदेश एग्रीकल्चर एलएलपी कंपनी के नाम से सिहाली मेव व जलाल नगर में जमीन है। चौथी कंपनी आदेश एग्री फार्म एलएलपी नाम से है। इस कंपनी की जमीन सिहाली मेव, सीकरी खादर, तिगरी और हाशमपुर खादर के रकबे में है।
उन्होंने बताया कि जमीन को कब्जे में ले लिया गया। इससे पहले मई महीने में भी आयकर की टीम गजरौला आई थी और उसने चौरसिया की संपत्ति के बारे में जानकारी हासिल की थी।
मुंबई आयकर विभाग की टीम ने रमेश चौरसिया की अलग-अलग कंपनियों के नाम पर दर्ज बेनामी भूमि को अपने कब्जे में लिया। उस पर कब्जे के बोर्ड लगाए। - चंद्रकांता एसडीएम मंडी धनौरा।