मुरादाबाद। रविवार को जिले में चार स्थानों पर आग लग गई। आग की चपेट में आने से ग्राम रसूलपुर में लगभग पचास बीघा जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे नौ किसानों का लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। इसके अलावा अन्य तीन स्थानों पर आग के कारण मामूली नुकसान होने की सूचना है।
रविवार देपहर करीब दो बजे ग्राम रसूलपुर सुनावती के खेतों में आग लग गई। जब तक खेत पर किसान पहुंच पाते तब तक आग बुरी तरह फैल गई थी। आग की चपेट में आने से ग्रामीण सुनील, दिग्विजय सिंह, धन प्रकाश, शंकर, जगदीश सिंह, महेश, गंगाराम, डालचंद और सुभाष के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले फसल जल चुकी थी। काफी मेहनत मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने खुद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी। दूसरी ओर भोगपुर मिठोनी में किसान के खेत में आग लग गई। हालांकि गनीमत रही कि दमकल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और गेहूं की फसल नष्ट होने से बच गई इसके अलावा प्रेम वंडर लैंड के पास झाड़ियों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। यहां कोई आर्थिक क्षति होने की सूचना नहीं है। इसके अलावा कटघर आजाद नगर में कूड़े के ढेर में आग लग गई। यहां भी जानकारी मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। बताया जाता है कि इन स्थानों पर आग मानवीय लापरवाही से लगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन स्थानों पर आग मानवीय लापरवाही से लगी।