संभल। गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य गंगा स्नान शुक्रवार (आज) अलसुबह से शुरू हो जाएगा। स्नान को लेकर गंगा के तट के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने लगा है। श्रद्धालुओं में गंगा में स्नान के लिए जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। ट्रैक्टर-ट्राली, भैंसा बुग्गी, कार बस, मैक्स, टाटा मैजिक, बाइक व साइकिल या पैदल ही तिगरी की ओर श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ पहुंच रहे हैं।
गंगा मैया के दर्शन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। जिले के अलावा कई दूसरों जिलों से भी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं पहुंचे। देर शाम तक वाहनों की कतारें लगी रही। ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। कहीं ढोल की थाप पर लोग झूम रहे हैं, तो कहीं जादूगरों के दिखाए जा रहे जादू से लोग काफी प्रभावित हैं। अलसुबह से गंगा घाट पर मुख्य स्नान शुरू हो जाएगा। हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंज उठे हैं। मेले में दुकानों सज गई हैं। श्रद्धालु गंगा स्नान कर भजन कीर्तन कर रहे। वहीं स्नान कर डेरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले खिचड़ी का आनंद लिया।