हलिया थानांतर्गत रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में सोमवार की शाम चार बजे ट्रक व सवारी गाड़ी के बीच हुई जबर्दस्त टक्कर में 18 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
मैक्स गाड़ी मिर्जापुर से सवारियों को लेकर हनुमना मध्यप्रदेश जा रही थी। उसी दौरान ड्रमंडगंज घाटी में मध्य प्रदेश की ओर से आ रही एक ट्रक से मैक्स सवारी गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में पुल्लू कोल (45) निवासी पिपराही मध्यप्रदेश, रेशमा (40) पत्नी आशिक रजा तथा आशिक रजा (45) निवासी देवसर सिंगरौली मध्यप्रदेश, राधिका (45) पत्नी दयाशंकर दूबे निवासी रामपुर कला कोरांव प्रयागराज, सविता (35) पत्नी बबलू तथा सत्यम पुत्र बबलू, शक्ति (5) पुत्री बबलू निवासी मलैगवां प्रतापगंज हनुमना मध्यप्रदेश, सरोज (36) पत्नी रामलली, रामलली (39), ओमप्रकाश (4) पुत्र रामलली, प्रेमप्रकाश डेढ़ वर्ष पुत्र रामलली पकरा मऊगंज मध्यप्रदेश, अंकित यादव (16) पुत्र विजय यादव निवासी भैंसोड़ बलाय पहाड़ हलिया, आशीष (18), हनुमना मध्यप्रदेश, राकेश (16) पुत्र कल्लू लहुरियादह हलिया, मोनू (22), राधा (24) पत्नी योगेंद्र, पुल्लू कोल (45), छोटकी (40) पत्नी पुल्लू कोल घायल हो गए। चौकी प्रभारी ड्रमंडगंज भरतलाल पांडेय ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद उनके परिजनों को भी सूचना दे दी।