जमालपुर। थाना क्षेत्र के तेतरिया खुर्द गांव में सोमवार को खाली घर पाकर चोर नकदी और आभूषण उठा ले गए। रात में जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस छानबीन में जुटी है।
मूल रूप से चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के सुरौली गांव निवासी विजय लक्ष्मी जमालपुर थाना क्षेत्र के तेतरिया खुर्द में मकान बनवा कर रहती हैं। विजय लक्ष्मी सोमवार को सुबह परिवार के सदस्यों के साथ अहरौरा के लखनिया दरी घूमने गई थीं। इस बीच मौका पाकर चोर घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण उठा ले गए। सोमवार की रात आठ बजे घर लौटने पर परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई। मेन गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरे व आलमारी के ताले टूटे मिले। आलमारी में रखे नकद रुपये और आभूषण भी नहीं दिखे। सामान बिखरे पड़े मिले। पीड़िता विजय लक्ष्मी ने फोन कर रात में ही चोरी की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने जांच पड़ताल की। मंगलवार को सुबह उन्होंने थाने में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बताया कि आलमारी तोड़कर चोर 15 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठी, एक सोने की सिकड़ी, एक हाथ की घड़ी आदि उठा ले गए। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।