नवरात्र: माता विंध्यवासिनी के स्पर्श दर्शन पर रहेगी रोक, नए और पुरानी VIP मार्ग पर प्रतिबंधित रहेंगे वाहन
नवरात्रि के पावन अवसर पर विंध्यधाम में तैयारियां शुरू हो गई हैं। विंध्यवासिनी मंदिर की साफ-सफाई के बाद सजावट काम चल रहा है। भक्तों की सुरक्षा और सहूलियत का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
विस्तार
Navaratri 2025: विंध्याचल में चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। नवरात्र में नौ दिनों तक मां विंध्यवासिनी के स्पर्श दर्शन पर रोक रहेगी। इस बार कोतवाली मार्ग पर भी बैरिकेडिंग कराई जाएगी। वहीं, न्यू वीआईपी और पुराने वीआईपी मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
महाकुंभ की तरह नवरात्र मेले में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। मेला क्षेत्र में सफाई, प्रकाश की व्यवस्था के साथ बैरिकेडिंग कराई जा रही है। वहीं, नौ दिनों तक मां विंध्यवासिनी के चरण को छूने पर रोक रहेगी।
इसके अलावा पुराने और नए वीआईपी मार्ग पर वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा। बुजुर्ग, बीमार, असहाय श्रद्धालुओं को गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, पिछली बार कोतवाली मार्ग पर गलियों से दो पहिया वाहनों के पहुंचने से अव्यवस्था फैल गई थी। इसलिए इस बार कोतवाली मार्ग को भी बैरिकेडिंग कर बंद किया जाएगा। केवल पैदल ही लोग प्रवेश कर सकेंगे। तीर्थपुरोहितों, वीआईपी और आम श्रद्धालुओं की दर्शन के लिए अलग-अलग लाइनें लगेंगी।
तैनात होंगे 2500 सुरक्षा कर्मी
नवरात्र मेला के दौरान 2500 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। इसमें एसपी, सीओ, इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, जल पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस शामिल हैं। अभी 197 कैमरे मंदिर क्षेत्र में लगे हैं। 25 कैमरे और लगाने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे पूरा मेला क्षेत्र कैमरे की नजर में रहेगा।
इनकी की भी सुनें
न्यू वीआईपी मार्ग और पुराने वीआईपी मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कोतवाली मार्ग पर भी बैरिकेडिंग कराई जाएगी। तीर्थ पुरोहितों को अपना पास साथ में रखने के लिए कहा गया है। वीआईपी दर्शन के लिए गाइड लाइन को पालन कराया जाएगा। - प्रियंका निरंजन, जिलाधिकारी
नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के चरण स्पर्श पर प्रतिबंध रहेगा। वीआईपी और पंडों के लिए निर्धारित लेन पर कोई अन्य व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। - पंकज द्विवेदी, अध्यक्ष श्रीविंध्य पंडा समाज
मेला क्षेत्र में 25 मार्च से दो शिफ्ट में होगी सफाई
विंध्याचल चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियां पंचायत राज विभाग ने शुरु कर दी हैं। मेला क्षेत्र को चार जोन और आठ सेक्टर में बांटकर 25 से 29 मार्च तक दो शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी। चैत्र नवरात्र का मेला 30 मार्च से शुरू होगा। जिले में कुल 1976 सफाईकर्मी हैं। नवरात्र मेले में सफाई के लिए पंचायत विभाग ने नटवा से अष्टभुजा तक प्रत्येक 300 से 400 मीटर पर कुल 60 प्वाइंट बनाए हैं।
प्रत्येक प्वाइंट पर पांच से सात सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। विभिन्न ब्लाकों के 600 सफाईकर्मियों को नवरात्र मेले में तैनात किया जाएगा। 25 से 29 मार्च तक दो शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी। इसके बाद मेला शुरु होने पर 30 मार्च से सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाकर तीन शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी।
बोले अधिकारी
विंध्याचल में चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक प्वाइंट पर 25 से 29 मार्च तक दो शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी। इसके लिए 600 सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। 30 मार्च को मेला शुरू होने पर तीन शिफ्ट में सफाई की व्यवस्था की जाएगी। - संतोष कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी।