यूपी: सिक्का लड़ाने के लिए उधार पैसा ने देने पर दोस्त ने सिर कूंचकर की हत्या, मार कर नाले में फेंका
मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के महामलपुर नाले में बुधवार की सुबह नाले में एक किशोर का शव बरामद हुआ। शिनाख्त होने पर पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि सुबह शौच के लिए साथ गए उसके साथी ने ही सिक्का लड़ाने के खेल का पैसा न देने पर शौच करते समय उसके सिर पर लाठी से मारकर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंका दिया। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
कछवां थाना क्षेत्र के गड़ौली गांव निवासी रामकुमार का चौदह वर्षीय पुत्र किशन उर्फ सोनू प्रतिदिन की तरह सुबह सात बजे अपने पड़ोसी मित्र के साथ शौच के लिए महामलपुर नाले की ओर गया था। सुबह घर न पहुंचने पर परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। उधर, उसका साथी घर वापस आने के बाद कमरे में चुपचाप बैठा था।
किशन के परिजन उसके मित्र के घर गए। वहां उसने बताया कि किशन उसके साथ सड़क पर आया था। इसके बाद परिजन महामलपुर नाले की ओर गए। तब तक नाले के पास शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर कछवां थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि किशन सुबह अपने मित्र के साथ शौच के लिए निकला था, उसके बाद वापस नहीं लौटा। किशोर की हत्या कर शव को नाले में फेंके जाने की सूचना पर एसपी अजय कुमार सिंह, एएसपी सिटी संजय कुमार के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन की। उधर कछवां पुलिस ने मृतक के साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सिक्का लड़ाने के खेल में पैसा वापस न देने पर लाठी से मारकर हत्या करने की बात को स्वीकार किया।
दोनों मित्र सिक्के से जुआ खेलते थे। हत्या करने वाले मित्र ने स्वीकार किया कि जुुए में दो हजार रुपये बकाया था, जो किशन नहीं दे रहा था। इसलिए शौच करते समय उसकी लाठी मारकर हत्या कर दी। हत्यारोपी हिरासत में है। उसके बालिग होने के अभिलेख की जांच की जा रही है। उस हिसाब से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।
एएसपी सिटी संजय कुमार