मिर्जापुर। विंध्य कॉरिडोर के शिलान्यास के लिए रविवार को आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को जीआईसी मैदान में बने पंडाल में बैठक हुई। इसमें मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, पुलिस उप महानिरीक्षक जे रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी में लगे पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ और पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों, कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिया।
ब्रीफिंग कार्यक्रम के दौरान जनपद और गैर जनपद से ड्यूटी के लिए आए पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों को वीआईपी की उच्चतम सुरक्षा श्रेणी को देखते हुए अत्यधिक सतर्कतापूर्वक मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने, ड्यूटी, रूट चार्ट के बारे में बिंदुवार बताया गया। सुरक्षा के दृष्टिगत बनाए गए विभिन्न प्वाइंटों पर नियुक्त अधिकारी और कर्मचारियों को मुस्तैदी बरतने का निर्देश दिया। सेफ हाउस, हेलीपैड, रूट व्यवस्था और अन्य सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। इसके बाद सुरक्षा में लगे संपूर्ण पुलिस बल ने रिहर्सल किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने देवरी में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन महेश सिंह अत्रि, क्षेत्राधिकारी नगर प्रभात राय, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी और अन्य जनपदों से आए पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।