Vindhayachal Temple: मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, मां के जयकारे से गूंज उठा धाम
Navratri 2025 : नवरात्र के दूसरे दिन यानी सोमवार की सुबह से विंध्याचल धाम में भक्तों की कतार लग गई। माता के जयकारे से पूरा धाम गूंज उठा। भक्तों ने लाइन में लग कर मां का दर्शन- पूजन किया।
विस्तार
जगत कल्याणी मां विंध्यवासिनी की चौखट पर शीश नवाने सोमवार की सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन देवी धाम पहुंचे आस्थावानों ने दर्शन पूजन कर मंगल कामना की। भोर में दिव्य मंगला आरती और भव्य श्रृंगार पूजन उपरांत विंध्यवासिनी माता के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर भक्त निहाल हो उठे। देवी मंदिरों में सुबह से आदिशक्ति जगत जननी के जय जयकार गूंजते रहे।
चैत्र नवरात्र मेला के दूसरे दिन देश के कोने- कोने से आए भक्तों ने देवी दरबार में मत्था टेका। गंगा स्नान कर घंटों कतार में खड़े होने के उपरांत धाम पहुंचे श्रद्धालु माता के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर निहाल हो उठे।
विंध्य दरबार में महिला, पुरुष और बच्चे माता की भक्ति में तल्लीन नजर आए। मंदिर पहुंचे श्रद्धालु माता की एक झलक पाने को बेताब दिखे। घंटा, घड़ियाल, शंख के साथ बजते नगाड़े की धुन के बीच पहाड़ावाली के जयघोष से संपूर्ण मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था।
गुड़हल, कमल और गुलाब के पुष्पों से किया गया देवी मां का भव्य श्रृंगार का दर्शन कर श्रद्धालु विभोर हो उठे। श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं के दृष्टिगत देवी धाम क्षेत्र में प्रशासनिक तौर पर बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है।
गंगा घाटों पर स्नान ध्यान करने के लिए भक्तों का रेला लगा रहा। मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने के उपरांत श्रद्धालु गलियों में भ्रमण कर सजी दुकानों से जरूरत के सामानों की खरीदारी की। दूसरे दिन मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रशासन की तरफ से बेहतर इंतजाम नजर आए वहीं श्री विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारी भी दर्शनार्थियों की सेवा में जुटे रहे।

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.