यूपी: आजमगढ़ में मछली पकड़ने गया युवक डूबा, मिर्जापुर में नहाने गई बच्ची डूबी, दोनों की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और मिर्जापुर जिले में एक बच्ची और एक व्यक्ति डूब गया। दोनों का अभी तक शव नहीं मिल पाया है। जिसकी तलाश की जा रही है। घटना से दोनों के घरों में कोहराम मच गया है।
नदी में बच्ची डूबी
मिर्जापुर जिले के विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के नदनी गांव स्थित बभनी घाट पर स्नान के दौरान गंगा में छाया दूबे(13) पुत्री दिलीप डूब गई। बभनी निवासी बच्ची के डूबने की सूचना पर विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंच गई। वह स्थानीय गोतखोरों की मदद से तलाश कर रही है। वहीं घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा है। गंगा में कुछ दिन पहले ही एक युवक डूब गया था।
मछली पकड़े गया युवक नदी में डूबा
आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के मसुरियापार गांव निवासी दीपेश सिंह(35) उर्फ पिंटू सिंह पुत्र हरी प्रसाद सिंह शनिवार की शाम गांव के पास से गुजरी छोटी सरयू नदी की शाखा के किनारे मछली पकड़ने गया था। अचानक पैर फिसल जाने से वह नदी की जलधारा में चला गया और जब तक उसे बचाने का प्रयास होता तब तक वह डूब गया।
आसपास मौजूद लोगों के माध्यम से सूचना घर पहुंचने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कुछ युवकों ने नदी में उतर कर उसकी तलाश भी की। इस बीच जानकारी होने पर रौनापार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरा होने पर तलाश का काम बंद हो गया।
रविवार को रौनापार थाना पुलिस ने पीएसी के गोताखोरों को बुला कर दीपेश की तलाश में लगा दिया है। 24 घंटे बाद भी उसे नदी से बरामद नहीं किया जा सका था। वहीं घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।