चील्ह। विकास खंड कोन के श्रीपट्टी गांव स्थित स्कूल के मैदान में शनिवार को आयोजित कुश्ती दंगल में कई नामी गिरामी पहलवानों ने दांव आजमाए। इस दौरान हुई 21000 रुपये की इनाम वाली बड़ी कुश्ती में वाराणसी के लल्लू पहलवान ने मुंबई के खली को पटकनी देकर जीत ली।
दंगल में 1200 रुपये के इनाम की पहली कुश्ती घोड़े शहीद के हिंचू और मठिया के वीर सिंह यादव के बीच हुई, जो बराबरी पर रही। इसी तरह से 1200 रुपये की दूसरी कुश्ती दिल्ली के स्वतंत्र कुमार और घोड़े शहीद के कमलेश पहलवान के बीच हुई। जिसमें कमलेश ने बाजी मारी। इसके अलावा 12000 रुपये की तीसरी कुश्ती अयोध्या के भगवानदास बाबा और बिहार के लालजी पहलवान के बीच हुई। रोचक मुकाबले में भगवानदास विजयी रहे। चौथी कुश्ती घोड़े शहीद के कृष्णा और दिल्ली के स्वतंत्र पहलवान के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। पांच हजार की पांचवीं कुश्ती गोंडा के नरसिंह और दिल्ली के अजीत के बीच हुई, जो बराबरी पर रही। इसके अलावा 7000 रुपये के इनाम वाली छठीं कुश्ती गोरखपुर के अजय और अयोध्या के बजरंगीदास बाबा के बीच हुई। जिसमें बजरंगीदास बाबा विजयी रहे। सातवीं कुश्ती वाराणसी के राजेश और राजस्थान के बादल के बीच 21000 रुपये के इनाम वाली कुश्ती बराबरी पर रही। इसके अलावा कई अन्य पहलवानों ने कुश्ती दंगल में दांव आजमाए। मुख्य अतिथि माया यादव ने फीता काटकर कुश्ती का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्राम प्रधान शंभू नाथ यादव, ललित यादव, पूर्व प्रधान तेज बहादुर यादव आदि मौजूद रहे।