नगर के नारघाट स्थित बसंत विद्यालय इंटर कालेज में मंगलवार को मां सरस्वती देवी की मूर्ति की स्थापना की गई। इस दौरान विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का आरंभ सुबह कलश यात्रा से हुआ। माता सरस्वती की मूर्ति के साथ नगर भ्रमण किया गया। नगर के नारघाट पर शास्त्रोक्त विधि से मां गंगा का पूजन कर कलश में जल भरकर कलश यात्रा निकाली गई। मार्ग में स्थित जगन्नाथ जी की मूर्ति, मां काली की मूर्ति व विद्यालय परिसर में बसंतेश्वर महादेव की मूर्ति के दर्शन के बाद विद्यालय परिसर में मूर्ति को स्थापित किया गया। मां का षोडशोपचार पूजन कर विविध प्रकार के अंलकारों व दिव्य वस्त्रों से सुसज्जित कर उनकी स्थापना की गई। मूर्ति का अनावरण संयुक्त शिक्षा निर्देशक कामता राम पाल व जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। भजन संध्या में कलाकारों ने भजन व देवी गीतों की प्रस्तुति की। वक्ताओं ने सहशिक्षा व विज्ञान वर्ग की मान्यता पर जोर दिया। अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष डा. श्याम नारायण तिवारी ने किया। इस दौरान प्रबंधक अरूण कुमार मिश्र, ओमप्रकाश मिश्र, महेंद्रनाथ मिश्र, अजय कुमार उपाध्याय, रमेश द्विवेदी, प्रधानाचार्य डा. श्याम शंकर उपाध्याय उपस्थित रहे।