मिर्जापुरः प्रसिद्ध पर्यटक स्थल लखनिया दरी पर फटे कपड़ों में अचेत मिली युवती, गैंगरेप का आरोप
मिर्जापुर जिले के पर्यटन स्थल लखनिया दरी पर सोमवार को एक युवती फटे कपड़ों में अचेत अवस्था में मिली। होश में आने पर उसने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि युवती पहले भी ऐसे आरोप लगा चुकी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के पर्यटन स्थल लखनिया दरी पर सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवती फटे कपड़ों में अचेत अवस्था में मिली। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस युवती को अस्पताल ले गई। होश में आने के बाद जमालपुर थाना क्षेत्र निवासी युवती ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। अहरौरा और जमालपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
युवती का आरोप है कि जमालपुर थाना क्षेत्र से रविवार की रात दुकान बंद कर घर लौट रही थी। रास्ते में बोलेरो सवार चार युवक व दो महिलाओं ने उसका अपहरण कर लिया तथा उसके साथ दुराचार करने के बाद अहरौरा के लखनिया दरी जल प्रपात के पास छोड़ कर चले गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि जमालपुर थाना क्षेत्र से चार युवकों व दो महिला के सहयोग से युवती का अपहरण कर दुराचार किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जमालपुर थाने की पुलिस सोमवार की शाम युवती को साथ ले गई है।
आरोप के मुताबिक, मामला जमालपुर इलाके का है। इसलिए पूरे प्रकरण की जांच जमालपुर पुलिस कर रही है। शीघ्र ही घटना का अनावरण कर लिया जाएगा। जमालपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि युवती का आरोप है कि एक बोलेरो से अपहरण कर दुष्कर्म किया गया। बोलेरो में महिलाएं भी थी। बताया कि इसमें चार युवक भाई है और दो महिलाएं उन युवकों की मां-बहन है।
युवती ने पूर्व में भी मुकदमा दर्ज कराया है। मामला संदिग्ध लग रहा है, जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी चुनार सुशील यादव घटनास्थल पर पहुंचे। युवती से प्रकरण के संबंध में जानकारी ली आश्वस्त किया कि जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।