Mirzapur Election Seat Result: मिर्जापुर में भाजपा गठबंधन का क्लीन स्वीप, चार प्रत्याशी दोबारा बने विधायक
मिर्जापुर में सपा गठबंधन ने चार सीटों पर कड़ी टक्कर जरूर दी पर अंत में फैसला भाजपा गठबंधन के पक्ष में रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जापुर की पांचों विधानसभा सीटों पर एक बार फिर से भाजपा व गठबंधन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। चार प्रत्याशी रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्र, अनुराग सिंह और राहुल कोल दोबारा विधायक बने। अंतिम समय में सपा छोड़कर निषाद पार्टी में शामिल हुए डॉ. विनोद बिंद ने भी जीत दर्ज की। सपा गठबंधन ने चार सीटों पर कड़ी टक्कर जरूर दी पर अंत में फैसला भाजपा गठबंधन के पक्ष में रहा।
मड़िहान से भाजपा प्रत्याशी रहे ऊर्जा राज्यमंत्री रमा शंकर सिंह पटेल एक बार फिर विजयी हुए। उन्हें 105260 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर पूर्व सांसद व बसपा प्रत्याशी नरेंद्र कुशवाहा रहे। इन्हें 42411 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी ने 62849 वोट से विजय प्राप्त की है। यहां सपा गठबंधन से दो प्रत्याशी मैदान में थे। सपा के रवींद्र पटेल को 41690 वोट मिले तो अपना दल कमेरावादी के प्रत्याशी अवधेश सिंह पटेल पप्पू को 23894 वोट मिले। कांग्रेस की गीता कोल को 4920 वोट से संतोष करना पड़ा।
नगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त
नगर की विधानसभा सीट से प्रत्याशी विधायक रत्नाकर मिश्र की जीत हुई। सपा प्रत्याशी कैलाश चौरसिया ने उन्हें टक्कर जरूर दी पर चक्र बढ़ने के साथ ही वोटों का अंतर भी बढ़ता गया। भाजपा प्रत्याशी रत्नाकर मिश्र 40342 वोट से जीते। उनको कुल 118263 वोट मिले हैं। सपा के कैलाश चौरसिया को 77921 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी भगवान दत्त पाठक अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। उन्हें 3648 वोट मिले। बसपा के प्रत्याशी राजेश पटेल को 19461 वोट मिले।
चुनार विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक अनुराग सिंह ने पूर्वानुमान के अनुरूप प्रदर्शन किया। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा-अपना दल कमेरावादी गठबंधन प्रत्याशी आरएस पटेल को 47526 वोटों से हराया। अनुराग सिंह को 109548 वोट प्राप्त हुए हैं। आरएस पटेल सपा-अपना दल कमेरावादी को 62022 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी विजय कुमार उर्फ एबी भैया को 29185 और कांग्रेस की सीमा देवी 4125 वोट मिले हैं।
अपना दल एस भाजपा गठबंधन से छानबे सुरक्षित सीट के लिए प्रत्याशी राहुल कोल ने भी जीत हासिल की है। उन्होंने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सपा की कीर्तिकोल को 38020 वोटों से हराया। कीर्ति को 63220 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी धनेश्वर गौतम 31576 व कांग्रेस के भगवती चौधरी को मात्र 3876 वोट मिले।
अंतिम समय में सपा को छोड़कर निषाद पार्टी में शामिल हुए डॉ. विनोद बिंद ने भी जीत दर्ज की। भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. बिंद ने सपा प्रत्याशी रोहित शुक्ला लल्लू को 33735 मतों से पराजित किया। डॉ बिंद को 102583 वोट मिले। वहीं, रोहित शुक्ला लल्लू को 68848 वोट प्राप्त हुए हैं। बसपा की पुष्पलता बिंद को 52289 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी शिवशंकर चौबे को 3376 वोट मिले।