Mirzapur News: प्रसूता की मौत मामले में सीएमएस समेत चार डॉक्टरों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
जिला महिला अस्पताल मिर्जापुर में चार जुलाई को पुत्री को जन्म देने के बाद प्रसूता की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि प्रसव के समय डॉक्टर नहीं थे। परिजनों के आरोप पर जांच टीम गठित की गई।
विस्तार
प्रसूता की मौत मामले में शनिवार को देर रात मिर्जापुर पुलिस ने जिला महिला अस्पताल के सीएमएस समेत चार डॉक्टरों और अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन दिन पूर्व डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने मामले की जांच के लिए दोनों पक्षों का बयान लिया था।
नगर के तिवरानी टोला मोहल्ला निवासी वैशाली दुबे चार जुलाई की सुबह जिला महिला अस्पताल में प्रसव के लिए आई थीं। वहां पुत्री को जन्म देने के बाद प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों का आरोप था कि प्रसव के समय डॉक्टर नहीं थे। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर की लापरवाही के चलते मौत हुई है। परिजनों के आरोप पर जांच टीम गठित की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिसरा सुरक्षित रखा गया है। तीन दिन पूर्व डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने प्रसूता के परिजनों और डॉक्टर का बयान दर्ज किया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मृतका के पति अनुराग की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की देर रात मुकदमा दर्ज किया है।
शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय पांडेय, डॉ. प्रदीप भाष्कर, डॉ. वंदना, डॉ. करिश्मा व अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
सीओ सिटी प्रभात राय का कहना है कि प्रसूता की मौत के मामले में परिजनों की तरफ से डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया था। परिजनों की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।