मिर्जापुर। बसपा नेता दीपू तिवारी के पांडेयपुर स्थित आवास पर शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी की हुई जिलास्तरीय कार्यकर्ता बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर दिया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से ही तैयारियों पर लग जाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी शिव बौद्ध राम ने संविधान निर्माता बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल को सभी कार्यकर्ताओं से अंबेडकर पार्क गोमती पहुंचने का आह्वान किया। गुड्डू राम ने कहा पार्टी प्रमुख मायावती ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक मजबूती और जनाधार विस्तार की रणनीति तय किया है। अमरेंद्र बहादुर भारती ने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क खड़ा कर ही पार्टी को दोबारा सत्ता के करीब लाया जा सकता है। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सद्दाम राईन, दीपू तिवारी, शिवजोर पाल आदि ने अपने विचार रखे। इस दौरान ग्राम प्रधान अवधेश कुमार विश्वकर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवानदास रत्ना, राम प्रकाश पटेल, चंद्रबली, रमेश पांडेय, महेश कुमारख् नंद लाल मौर्या, कन्हैया लाल साहू, संतोष कुमार, राम बाबू सोनकर, संजय गौतम, राजू भारती आदि रहे।