भावां। राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लुसा के सिवान में स्थित बोरवेल मशीन के कमरे में सरकारी विद्यालय के दो अध्यापक सहित क्षेत्र के 13 लोगों को जुआ खेलने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने हजारों रुपये नकदी, एक कार, एक स्कूटी, आठ बाइक बरामद किया।
लुसा गांव के सिवान में एक किसान के बोरवेल मशीन के भवन में धनतेरस पर जुआ खेला जा रहा था। राजगढ़ थानाध्यक्ष ने रविवार की सुबह छापा मारा। कमरे से लुसा गांव निवासी सरकारी अध्यापक दो सगे भाइयों में श्याम सिंह, राम प्रसाद सिंह के साथ करौदा गांव निवासी रामबली, मनोज, सूर्य प्रकाश इमलिया 84 गांव निवासी बच्चे लाल, गुड्डू, विकास सिंह, रामपुर 38 गांव निवासी रविशंकर सिंह, कुड़ी गांव निवासी जितेंद्र, चुनार थाना क्षेत्र के नुआंव गांव निवासी राहुल कुमार, मड़िहान थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी राकेश सिंह, सोनभद्र जिले के बिसहार गांव निवासी आनंद को पकड़ा गया। 63905 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और एक बोलेरो, आठ बाइक, एक स्कूटी को थाने ले जाकर जब्त किया गया। राजगढ़ थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि 13 जुआ खेलने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।