मिर्जापुर पुलिस की कार्रवाई: गैराज से बारूद भरे 258 किलो पटाखे बरामद, आबादी के बीच भंडारण करने वाला गिरफ्तार
मिर्जापुर जिले की शहर कोतवाली के धुंधी कटरा मोहल्ले में चार मंजिले मकान के गैराज में पटाखों का भंडारण किया गया था। पटाखों का भंडारण करने वाले आरोपी विकास केशरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
यह जानकारी एएसपी सिटी नितेश सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 10 दिन पहले एक टीम पटाखा होने की सूचना पर पहुंची थी परंतु किसी विशेष व्यक्ति का फोन आ जाने पर नामांकन की बात कहकर टीम चली गई थी।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार नगर के बीच घनी आबादी में पटाखा का भंडारण नहीं किया जाना है, परंतु दीपावली को देखते हुए ज्यादा लाभ के चक्कर में नगर के बीच अवैध भंडारण किया गया। नगर में स्थित मकान में पटाखा का अवैध भंडारण किया गया था।
उधर, अमर उजाला के 18 अक्तूबर के अंक में पेज संख्या चार पर बारूद के ढेर पर शहर के कई इलाके शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट और उपचुनाव में नामांकन के दौरान एक पटाखा व्यवसायी के यहां छापे की कार्रवाई कर जांच की थी। उस दौरान तो टीम को कुछ नहीं मिला। इस बीच पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर एएसपी सिटी नितेश सिंह के निर्देशन में एसओजी की टीम छानबीन में जुटी रही।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एसओजी टीम ने शहर कोतवाली पुलिस के साथ सोमवार की रात धुंधी कटरा स्थित मकान के गैराज में दबिश देकर विकास केशरी को गिरफ्तार किया। उसके चार मंजिले मकान के गैराज से 258 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद हुए। इसमें बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझरी, राकेट, मिसाइल आदि शामिल हैं। इसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि आरोपी को विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। एएसपी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दो लाइसेंसी पटाखों की दुकान हैं।
एक कोतवाली देहात और दूसरा कोतवाली शहर क्षेत्र में है। शहर में 15 किलो तक पटाखा रखते हैं। दीपावली व छठ आदि को देखते हुए अधिक लाभ कमाने के लिए घनी आबादी में स्थित चार मंजिले मकान के गैराज में बारूदयुक्त पटाखाें का भंडारा किया गया था। जहां से मांग के अनुसार थोक में बेचने का काम करता है।
शहर कोतवाली के धुंधी कटरा मोहल्ले में पटाखा व्यवसायी विकास केशरी के मकान में पहले भी दबिश के दौरान पटाखाें का भंडारण मिला था। विकास साल दीपावली के समय पटाखों का भंडारण करता है। एएसपी ने बताया कि वर्ष 2022 में भी वह पटाखाें का भंडारण करने पर जेल गया था।
उधर, कटरा कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को देर शाम गणेशगंज, इमरती रोड में पटाखाें की दुकानों पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने पटाखा भी बरामद किया है। हालांकि इन स्थानों पर दबिश दिए जाने के बारे में संबंधित थानों की पुलिस कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है।
आबादी से दूर खाली जिस मैदान में तीन दिन के लिए दुकान लगाने के बाबत जो अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं, वहीं पर पटाखे की दुकानें लगेंगी। नगर में आबादी के बीच कोई पटाखा नहीं बेचेगा। नगर में अवैध तरीके से पटाखाें की बिक्री और भंडारण पर पुलिस की नजर है। संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।