UP: अमीर बनने का सपना लेकर सलीम वास्तिक ने 34 साल पहले छोड़ा था घर, शामली से है नाता
शामली के नानूपुरा निवासी सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 31 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। सलीम करीब 34 साल पहले अमीर बनने का सपना लेकर घर से निकला था और बाद में गाजियाबाद के लोनी में बस गया था।
विस्तार
शामली के मोहल्ला नानूपुरा से करीब 34 साल पहले ‘अमीर बनने’ का सपना लेकर घर छोड़ने वाला सलीम अब 31 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार हो गया है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उसे हिरासत में लिया है। सलीम वास्तिक नाम से पहचाने जाने वाले इस आरोपी का कनेक्शन शामली से जुड़ा हुआ है।
नानूपुरा छोड़कर गाजियाबाद में बसाया ठिकाना
पुलिस के अनुसार सलीम का जन्म 1972 में शामली के नानूपुरा मोहल्ले में हुआ था। करीब 34 साल पहले वह घर छोड़कर गाजियाबाद चला गया था। जाते समय उसने परिवार से कहा था कि वह बड़ा आदमी बनकर लौटेगा, लेकिन इसके बाद वह कभी वापस नहीं आया।
बताया जाता है कि बाद में उसने गाजियाबाद के लोनी इलाके में अपना ठिकाना बना लिया। गिरफ्तारी के बाद शामली पुलिस भी सक्रिय हो गई है और उसके पुराने संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सलीम ने लोनी निवासी अफसाना से शादी की थी और उसके एक बेटा और एक बेटी हैं।
मार्शल आर्ट्स से शुरू हुआ सफर
सलीम के भाई मुजफ्फर के अनुसार सलीम ने शामली और मुजफ्फरनगर क्षेत्र में शाओलिन कुंग-फू की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद वह दिल्ली चला गया और दरियागंज स्थित रामजस स्कूल में मार्शल आर्ट्स इंस्ट्रक्टर के रूप में काम करने लगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: ईकड़ी में रालोद की एकता रैली, जयंत चौधरी ने भरा जोश, संगठन मजबूती और भाईचारे का दिया संदेश
मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग के बाद सलीम ने कारोबार की ओर रुख किया। उसने दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके से जैकेट सप्लाई का काम भी शुरू कर दिया था।
फिलहाल दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा उससे 31 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके नेटवर्क और किन-किन लोगों से जुड़े थे।