मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज मुजफ्फरनगर जिले में आगमन से उद्यमी भी बड़ी उम्मीद लगाए बैठे हैं। संकट में चल रही जनपद की लोहा और पेपर इंडस्ट्री के हित के लिए सीएम से कुछ न कुछ घोषणा होने की उम्मीद है। पेपर इंडस्ट्री से जुड़े उद्यमी 29 जून को सहारनपुर में भी सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले थे। उन्होंने उद्योग में आ रही समस्याओं से उन्हें अवगत कराया था।
सीएम योगी से पेपर और लोहा इंडस्ट्री को रियायतों की दरकार, 20 करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर की लोहा और पेपर इंडस्ट्री देशभर में अपना मुकाम रखती है, लेकिन इससे जुड़े उद्यमी लंबे समय से अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उद्यमी लगातार इन समस्याओं के निस्तारण की मांग करते आ रहे हैं। रविवार को शुकतीर्थ में आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जिले के उद्यमियों को बड़ी उम्मीद हैं। कारोबारियों के लिए सीएम कोई न कोई घोषणा कर सकते हैं।
29 जून को सहारनपुर आए सीएम योगी आदित्यनाथ से शहर के प्रमुख उद्यमी भीमसेन कंसल, राकेश बिंदल व पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में पेपर मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुलाकात की थी। उन्होंने सीएम को बताया था कि प्रदेश में कुल 85 पेपर मिलें हैं, जो हर साल 45 लाख टन पेपर उत्पादित करती हैं।
अकेले मुजफ्फरनगर की पेपर मिलें 17 लाख टन पेपर का उत्पादन करती हैं। इसी तरह लोहा कारोबार में भी जिले का बड़ा नाम है। उत्तराखंड में बिजली सस्ती होने से उत्तर प्रदेश की पेपर मिलों और लोहा फैक्टरियों को कड़ी प्रतिस्पर्द्धा का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए उत्तर प्रदेश में बिजली सस्ती करने की आवश्यकता है।
उद्यमियों के अनुसार, पेपर बनाने के लिए अधिकांश रद्दी विदेशों से आयात होती है, जिसका भाड़ा यहां तक लाने में 4500 रुपये प्रति टन पड़ता है। इसलिए यूपी में ड्राई पोर्ट बनाए जाने के साथ ही भाड़े पर सब्सिडी देने, नए उद्योगों की तरह पेपर मिलों को भी इंसेंटिव देने, उद्योग लगाने के लिए जमीन के सर्किल रेट कम करने, विदेशी कागज पर एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाए जाने की आवश्यकता है।
जिले के उद्यमी इंडस्ट्रियल एरिया में जमीन के दाम अधिक होने के कारण शुकतीर्थ क्षेत्र में नया इंडस्ट्रियल एरिया डेवलप करने की मांग कर रहे हैं। वहां उद्यमियों को जमीन सस्ती मिलेगी तथा उद्योग लगाने में आसानी होगी।
उद्यमियों का कहना है कि मुख्यमंत्री से अपनी समस्याओं के संबंध में फिर से मुलाकात करेंगे। उनसे इन समस्याओं के निस्तारण की मांग की जाएगी। उधर, भोपा-मोरना क्षेत्र वासियों को शुकतीर्थ के लिए चार लाइन हाईवे की घोषणा की भी सीएम योगी से उम्मीदें है।
20 करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को पौराणिक शुकतीर्थ में पधारेंगे। शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज की 15 वीं पुण्यतिथि पर सीएम संत विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद की उपस्थिति में मुख्यमंत्री द्वारा शुकदेव गोशाला के विस्तारीकरण का लोकार्पण होगा। यही पर बनाए गए पंडाल में सीएम सरकार की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
पर्यटन महानिदेशक अवनीश कुमार अवस्थी के मुताबिक सीएम शुक्रतीर्थ में 20 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। ट्रस्ट अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश ने बताया कि हैलीपैड से सीएम भागवतपीठ शुकदेव आश्रम स्थित वीतराग स्वामी कल्याणदेव के समाधि मंदिर पहुंचेंगे। तीन सदी के युगदृष्टा की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद राष्ट्र संत की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगें।