मुख्यमंत्री योगी और नितिन गडकरी ने बागपतवासियों को दी ये सौगात, अब सहारनपुर में करेंगे जनसंवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योगी व गडकरी की इस खास जनसभा के लिए भारी संख्या में भीड़ जुटी हुई है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं भी पांडाल में मौजूद दिखीं। सभी नेताओं ने हवन में आहुति देने के बाद मंच पर पहुंचे। विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह भी यहां पहुंचे हैं। गौरतलब है कि सहारनपुर में सीएम और नितिन गडकरी के आगमन को लेकर जिलाधिकारी ने दिल्ली रोड के तमाम स्कूलों का अवकाश घोषित कर दिया है।
योगी आदित्यनाथ ने बागपत में मेरठ के शूटर शार्दूल विहान, रवि कुमार व पहलवान सचिन राठी को भी सम्मानित किया। इसके अलावा कोच राजपाल सिंह और विवेक मलिक को भी सम्मानित किया गया है। हाईवे का शिलान्यास करने के बाद लोक निर्माण विकास की 33 परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। साथ ही टिकैत, हुकुमसिंह और चरण सिंह के नाम पर होगी सड़क। इसी तरह उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने खिलाड़ियों के नाम पर सड़क बनवाने की बात कही।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निजी मिलों ने 16 अक्टूबर तक भुगतान नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जनवरी माह में 50 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की भी घोषणा की। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बागपत में यमुना के पानी को शुद्घ करनेके लिए 100 करोड़ का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। गडकरी ने बागपत की जनता को इस साल दिसंबर तक गंगा के साफ किए जाने का दावा किया। इसके अलावा यमुना के लिए भी 33 प्रोजेक्ट की घोषणा की।
गौरतलब है कि हाईवे का पहला चरण (बागपत से शामली) 18 महीने में मार्च 2020 तक और इसके बाद दूसरा चरण (शामली से सहारनपुर) 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 में होने हैं तो इसके लिए 2020 की इस सड़क से पहले सियासी राह निकालने की तैयारी है। भाजपा इसका श्रेय लेना चाहती है और अबसे पहले स्टेट हाईवे रही इस सड़क के लिए सपा और बसपा की पूर्ववर्ती राज्य सरकारों को इसकी बदहाली और निर्माण में रुकावट के लिए जिम्मेदार साबित करना चाहती है।
सड़क 2020 तक बनेगी लेकिन सड़क के बहाने सियासत 2019 के लिए होनी है। सहारनपुर में कांग्रेस तो शामली में कैराना उपचुनाव के बाद बनी महागठबंधन की संभावनाएं और बागपत में रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह की राह में शिलान्यास के पत्थर कितना रोड़ा बन पाते हैं, यह कहना अभी मुश्किल है लेकिन इतना जरूर है कि 2014 में इस सड़क को भाजपा ने मुद्दा बनाया था और केंद्र में सरकार बनने के साढ़े चार साल बाद इसकी सुध आई है।
भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक
बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में मंगलवार को होने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम की पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सुबह आठ बजे से रूट डायवर्ट कर दिए जाएंगे। बड़ौत में भारी वाहनों की एंट्री नहीं होगी।
एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोनीपत से आने वाले यातायात को जो शामली या सहारनपुर जाएंगे उन्हे गौरीपुर मोड़ से वंदना चौक होते हुए सराय रोड से वाया बिनौली, दाहा-भड़ल-सहारनपुर भेजा जाएगा। दिल्ली से शामली, सहारनपुर को जाने वाले यातायात को वंदना चौक से होते हुए सराय रोड से वाया बिनौली-दाहा से शामली की तरफ भेजा जाएगा। शामली की तरफ से आने वाले यातायात को बड़ौत में पशु पैठ से लौहड्डा रजबाहे की पटरी से होते हुए मेरठ-बिनौली मार्ग की तरफ भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बड़ौत में भारी वाहनों की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल के पास किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। जनसभा स्थल से एक-एक किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगी। आसपास के मकानों की छतों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जो दूरबीन से लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं होने दी जाएगी।
बिराल-नानौता में टोल, एलम-शामली में बाईपास
एनएच 709बी का चौड़ीकरण तीन चरणों में किया जाएगा। पहले दो चरण का मंगलवार को शिलान्यास होगा। बागपत में बावली-किशनपुर बराल के बीच टोल प्लाजा बनेगा, जबकि दूसरा टोल सहारनपुर में नानौता के नजदीक बनेगा। बागपत से लोनी के बीच के हिस्से की डीपीआर तैयार की जा रही है। 155 किमी लंबे हाईवे के लिए 1505.72 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। तीन चरण में निर्माण होगा। पहले चरण में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से निर्माण प्रक्रिया शुरू होकर शामली बाईपास तक जाएगी।
दूसरे चरण की डीपीआर पूरी हो चुकी है, टेंडर प्रक्रिया 13 सितंबर को पूरी की जाएगी। लोकसभा चुनाव से पहले इसके पहले हिस्से का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ सत्यपाल सिंह कहते हैं कि प्रयास किया जा रहा है कि निर्माण शुरू होने के बाद बिना रूक प्रक्रिया चलती रहे, ताकि लोगों को लाभ हो सके।
ये होंगी खास बातें
शामली के एलम में भारत माला प्रोजेक्ट के तहत बाईपास बनेगा। इसके अलावा शामली को जाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास का निर्माण किया जाएगा। सहारनपुर में साढे तीन किमी की सर्विस रोड का निर्माण होगा।
पहला चरण डेढ़, दूसरा चरण दो साल में बनेगा
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से शामली बाईपास तक के पहले चरण के निर्माण के लिए अधिकतम समय 18 माह का रहेगा। यानि लोकसभा चुनाव से बाद तक निर्माण चल सकता है। पहले चरण में 61.409 किमी लंबी सडक़ बनेगी। दूसरे चरण के निर्माण के लिए 24 माह का समय दिया गया है। तीसरे चरण की अभी डीपीआर तैयार की जा रही है।
दिल्ली बेहद नजदीक, लेकिन हाईवे ने कर रखी है दूर
बागपत से दिल्ली की दूरी करीब 35 किमी ही है। लेकिन दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गड्ढ़ों की वजह से लोग परेशानी झेल रहे थे। हाईवे दिल्ली जाने के बजाए लोग ट्रोनिका सिटी का रास्ता चुन रहे थे। इसके अलावा गौरीपुर मोड से सोनीपत होते हुए दिल्ली जाने का विकल्प था। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद से हालांकि सहूलियत हुई है। बागपत में मवीकलां कट से कुंडली होते हुए दिल्ली का सफर आसान हुआ है। हाईवे के निर्माण से लोगों को फायदा होगा।
ये रहेगा योगी का कार्यक्रम
हाईवे के शिलान्यास के लिए जनता वैदिक डिग्री कॉलेज बड़ौत में वाटर प्रूफ पांडाल बनाया गया है। इसके बगल में ही हेलीपैड बनवाए गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर ने बताया कि बागपत के बाद सहारनपुर में शिलान्यास किया जाएगा।
इस तरह होगा योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम
01:45 बजे: हिंडन एयरपोर्ट गाजियाबाद से बागपत के लिए प्रस्थान।
02:00 बजे: बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज मेें आगमन।
02:00 से 03:30 बजे : दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का शिलान्यास।
03:30 बजे : बागपत से सहारनपुर के लिए प्रस्थान।
नितिन गडकरी
01:30 बजे: सफदरजंग एयरपोर्ट से बागपत के लिए रवाना।
01:15 बजे: बड़ौत के जेवी कॉलेज में आगमन।
02:00 से 3:30 बजे : दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का भूमि पूजन।
03:30 बजे : बड़ौत से सहारनपुर के लिए रवाना।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/