West UP Weather: आज झुलसाएगी नौतपा की तपिश, कल से बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी से मिलेगी राहत
नौतपा के बीच बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 से 31 मई के बीच आंधी और बारिश से तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नौतपा के बीच बुधवार को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का असर बना रहेगा। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखाई दिए। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने गुरुवार से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
अगले 24 घंटे तक रहेगा गर्मी का प्रकोप
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को दिनभर तेज धूप और लू जैसे हालात बने रह सकते हैं। नौतपा के प्रभाव के चलते तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को पसीना, बेचैनी और थकान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पशु-पक्षियों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। जलस्रोतों और छायादार स्थानों पर उनकी आवाजाही बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: Meerut Metro: आठ स्टेशनों पर दुकान खोलने का मौका, टेंडर प्रक्रिया शुरू, जानें कैसे लगा सकते हैं बोली
28 से 31 मई के बीच बदलेगा मौसम
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार 28 मई से 31 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में लगभग 30 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है।
तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम में बदलाव के बाद अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने के आसार हैं। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी और गर्म हवाओं का असर कम होगा।
किसानों को दी गई विशेष सलाह
मौसम विभाग और कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को अगले कुछ दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। 28 से 31 मई के बीच संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए खेतों में सिंचाई, उर्वरक और रसायनों के छिड़काव से बचने को कहा गया है। तेज हवा और वर्षा के कारण फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
चिकित्सकों ने जारी की एडवाइजरी
चिकित्सकों का कहना है कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए लोग दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। विशेषज्ञों ने पर्याप्त पानी पीने, हल्के और सूती वस्त्र पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। गर्मी के दौरान शरीर में पानी की कमी होने पर चक्कर, सिरदर्द और लू लगने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
नौतपा के बीच राहत का इंतजार
नौतपा की तपिश ने पिछले कई दिनों से जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। ऐसे में मौसम विभाग के बारिश और आंधी के पूर्वानुमान ने लोगों को राहत की उम्मीद दी है। अब सभी की निगाहें अगले 48 घंटों में मौसम के संभावित बदलाव पर टिकी हैं।
इस साल ज्यादा सता रही गर्मी
पिछले साल के मुकाबले इस बार गर्मी अधिक सता रही है। पिछले वर्ष इसी माह में इन दिनों अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार पश्चिमी विक्षोभ के कम सक्रिय होने, प्रदूषण का स्तर बढ़ने, एक्सप्रेसवे के विस्तार से वाहनों का दबाव बढ़ने सहित अन्य कारणों से तापमान में बढ़ोतरी हुई है।