मेरठ: सुबह से बदला मौसम का मिजाज, कभी बादल तो कभी धूप; 26-27 सितंबर को बारिश के आसार
मेरठ में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 26 और 27 सितंबर को बारिश के साथ तेज हवा और गरज-चमक की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
विस्तार
सितंबर के अंतिम दिनों में मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। कभी बादल छाए तो कभी धूप निकलती रही। मौसम में बदलाव के बीच पिछले कई दिनों से बढ़ रहा तापमान अब नीचे आने के आसार हैं।
26 और 27 सितंबर को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव का असर और स्पष्ट दिखाई दे सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 27 सितंबर को आंधी-गरज के साथ तेज हवा चलने के भी आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए 25 से 27 सितंबर तक बारिश और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
यह भी पढ़ें: सीलिंग का खौफ: न्यायिक आयोग का होगा गठन, मेडा की भूमिका-उल्देपुर समेत अन्य कॉलोनियों की होगी जांच
दिन की गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों से मेरठ में दिन का तापमान 35 डिग्री के आसपास या इससे ऊपर बना हुआ था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण दिन के तापमान में कमी आएगी। इससे लोगों को दिन की गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश के दौरान तेज हवा और गरज-चमक का असर भी देखने को मिल सकता है।
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
26 और 27 सितंबर को बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों में खड़ी फसलों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। तेज हवा और बारिश के दौरान खेतों में पानी भरने से बचाव के लिए जरूरी उपाय करने होंगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 सितंबर से मौसम में कुछ सुधार होने की संभावना है।