लॉकडाउन: अमर उजाला की खबर का असर, एसओजी का छापा, बरामद हुई शराब की 10 पेटियां
- मेरठ के प्रभात नगर में एसओजी का छापा, शराब बरामद
- अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी शराब के अवैध गोदाम की खबर
- 10 पेटी शराब मिली, शराब ठेकेदार दीपक सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज
विस्तार
मेरठ में सिविल लाइन क्षेत्र के पॉश इलाके प्रभात नगर में बुधवार को एसओजी ने छापा मारा। मौके से शराब की 10 पेटियां बरामद हुईं। सिविल लाइन थाने में आरोपी शराब ठेकेदार दीपक सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अमर उजाला ने 13 मई के अंक में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था कि प्रभात नगर में पुलिस की मिलीभगत से शराब का अवैध गोदाम संचालित है। जहां से शहर में शराब की सप्लाई की जा रही है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि शराब की इस अवैध सप्लाई में सिविल लाइन थाना पुलिस की मिलीभगत है।
वहीं, किराए पर गोदाम चलने से आबकारी विभाग की भूमिका भी संदिग्ध है। लॉकडाउन में पुलिस की मिलीभगत से शराब का अवैध गोदाम संचालित होने और शराब की अवैध सप्लाई होने का समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार को आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने इसका संज्ञान लिया और एसएसपी को कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद एसओजी प्रभारी तपेश्वर सागर ने टीम के साथ इस गोदाम पर छापा मारा।
एसओजी प्रभारी ने बताया कि यह गोदाम शराब ठेकेदार दीपक सिंघल द्वारा चलाया जा रहा था। पूछताछ में सामने आया कि दीपक के शराब के चार ठेके भी हैं। ठेकेदार का कहना है कि लॉकडाउन में देहात वाला ठेका चल रहा है। उसकी परचून की भी दुकान है। दुकान के सामान के साथ शराब की पेटियां घर आ गई थीं। यहां कोई गोदाम नहीं है।
बाद में पहुंची पुलिस
घनी आबादी से शराब की सप्लाई के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस पर भी आरोप लगाए जा रहे थे। एसओजी के छापा मारने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि शराब ठेकेदार दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ: डीएम का आदेश, 14 मई को रहेगा संपूर्ण लॉकडाउन, शहर में खुलेंगी सिर्फ ये दुकानें
टीपी नगर में शराब की अवैध बिक्री, वीडियो वायरल
कोरोना संक्रमण फैलने के अंदेशे के चलते नवीन मंडी बंद है। लेकिन शराब की अवैध बिक्री जारी है। इसका खुलासा बुधवार को उस समय हुआ जब हरियाणा से तस्करी कर लाई गई अवैध शराब के अधिक पैसे लेने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने पुलिस पर मिलीभगत के आरोप लगा दिए। शराब बिक्री का वीडियो भी वायरल हो गया।
टीपीनगर थाना क्षेत्र में कई जगहों पर कच्ची शराब तो कहीं हरियाणा मार्का शराब की अवैध बिक्री जारी है। गत दिनों पुलिस ने सख्ती का दावा किया था। लेकिन लॉकडाउन में शराब माफिया फिर से सक्रिय हो गए और मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। बुधवार को कुछ शराबी शराब लेने के लिए पहुंचे तो शराब विक्रेता ने अधिक कीमत मांगी जिससे वहां हंगामा हो गया। टीपी नगर पुलिस पहुंची और हंगामा करने वालों को शांत किया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में शराब बिक्री का वीडियो भी वायरल कर दिया गया। आरोप हैं कि आबकारी विभाग की भी इस अवैध धंधे में अहम भूमिका है।
थाना टीपीनगर प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि ये विडियो पुराना है और इसमें आरोपी को जेल भेजा गया था। अगर मामला नया है तो शराब माफियाओं की धरपकड़ कर यह धंधा बंद कराया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/