यूपी पुलिस भर्ती: सिपाही बनने की चाह में अभ्यर्थी कर रहे ये बड़ा खेल, पकड़ में आए 7 युवक
यूपी पुलिस में सिपाही बनने की चाहत में अभ्यर्थियों ने लंबाई बढ़ाने के लिए नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया। जिन अभ्यर्थियों की लंबाई आधा सेमी के आसपास कम है, वे बालों में जैल लगाकर पहुंच रहे हैं। पुलिस की जांच में रविवार को सात अभ्यर्थियों के बालों में जैल मिला। लंबाई कम होने के बाद अभ्यर्थियों को बाहर कर भर्ती बोर्ड को रिपोर्ट भेज दी गई है।
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए शैक्षिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन और अभ्यर्थियों की नापतौल मेरठ पुलिस लाइन में छह स्थानों पर चल रही है। मेरठ रेंज के सभी छह जिलों का सेंटर मेरठ पुलिस लाइन में बनाया गया है। रविवार को 1352 अभ्यर्थियों की नापतौल और शैक्षिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया। 67 अभ्यर्थी लंबाई में भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए।
वहीं, 97 अभ्यर्थियों का बॉयामीट्रिक मिलान नहीं हुआ। दौड़ के लिए 1096 अभ्यर्थी पास हुए, जिनकी दौड़ छठी वाहिनी पीएसी के मैदान पर हुई। दौड़ में 861 अभ्यर्थी ही पास हुए।
बाल चिपकाकर लंबाई बढ़ाने की कोशिश
67 अभ्यर्थी लंबाई कम होने के चलते बाहर हो गये थे। इन अभ्यर्थियों ने भर्ती बोर्ड द्वारा बनाए गए पैनल में अपील करते हुए दावा किया कि उनकी लंबाई दोबारा से नापी जाए। मेरठ रेंज के नोडल अधिकारी/ एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने पैनल द्वारा लंबाई नपवाई। पुरुष अभ्यर्थी के लिए जहां 168 सेमी तो महिला के लिए 152 सेमी लंबाई अनिवार्य है। सात पुरुष अभ्यर्थी ऐसे पाए गए जिन्होंने जैल लगाकर बाल चिपकाए थे, जिससे बालों का गुच्छा बन जाए और उनकी लंबाई आधा सेमी बढ़ जाए। लेकिन वह पकड़ में आ गए।
जैल को बताया तेल
अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने बालों में जैल नहीं लगाया, बल्कि तेल लगाया है। उन्होंने कहा कि रविवार को नहाने का मौका नहीं मिला, इसलिए बाल चिपक रहे हैं। 167.9 सेमी के अभ्यर्थी भी हाथ पैर जोड़ते रहे।
भर्ती बोर्ड के निर्देशों पर पैनल गठित है। बालों में जैल लगाकर लंबाई बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन जांच में ऐसे अभ्यर्थी पकड़ में आ रहे हैं। उन्हें बाहर कर दिया गया है।
- संजीव बाजपेयी, एसपी ट्रैफिक/नोडल अधिकारी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/