UP: पुलिस वाले बताकर थार गाड़ी लूट ले गए बदमाश, ड्राइवर ने सुनाई आपबीती, खुलासे के लिए तीन टीमें गठित
Meerut News : खुद को पुलिस वाले बताकर बदमाश थार गाड़ी लूटकर फरार हो गए। ड्राइवर ने बताया कि बदमाशों ने मारपीट भी की थी। एसएसपी ने वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में परतापुर थाने से पांच सौ मीटर पहले बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम दिया। अहमदाबाद की वर्धमान प्रोबिल्ड कंस्ट्रक्शन कंपनी के ड्राइवर ने लघुशंका के लिए थार गाड़ी रोकी तो दो युवकों ने उसे रोक लिया। उन्होंने खुद को परतापुर थाने से बताया और गाड़ी के कागज मांगे। ड्राइवर ने कागज कंपनी के ऑफिस में होने की बात कही तो बदमाशों ने ड्राइवर से मारपीट की और ये कहकर गाड़ी ले गए कि परतापुर थाने आकर ले जाना।
इसके बाद ड्राइवर ने थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों को सारी जानकारी दी। पुलिस ने घटना को चोरी में दर्ज किया है। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी ने क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमें गठित की हैं।
गुजरात के अहमदाबाद में वर्धमान प्रोबिल्ड कंस्ट्रक्शन कंपनी है। कंपनी का हापुड़ रोड स्थित शहीद धन सिंह कोतवाल प्रशिक्षण केंद्र में कार्य चल रहा है। बुधवार रात कंपनी की थार गाड़ी (यूपी16-सीजेड-3209) से सोनीपत हरियाणा निवासी ड्राइवर कुलदीप कुछ फाइलें लेकर केंद्र में आया था। रात साढ़े 11 बजे कुलदीप वापस दिल्ली जा रहा था। रिठानी से आगे परतापुर थाने से 500 मीटर पहले यूको बैंक के पास गाड़ी रोककर वह लघुशंका करने के लिए उतर गया। वापस गाड़ी पर आया तो दो युवक उसके पास आ गए। उन्होंने कहा कि वह परतापुर थाने से हैं। उन्हें गाड़ी के कागजात देखने हैं। ड्राइवर ने बताया कि कागज तो कंपनी के ऑफिस दिल्ली में हैं। इस पर युवक ये कहकर गाड़ी लेकर जाने लगे कि परतापुर थाने आकर ले जाना।
ड्राइवर ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की और गाड़ी लेकर भाग गए। ड्राइवर वहां से पैदल परतापुर थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि हमारी किसी टीम ने चेकिंग नहीं की है। इसके बाद पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो गाड़ी दिल्ली की तरफ जाते हुए दिख रही है।
ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में उसका मोबाइल भी रखा हुआ था। रात एक बजे कंपनी के मैनेजर प्रभु बेरवा दिल्ली से परतापुर थाने पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर से तहरीर दिलाकर पुलिस अधिकारियों से बात की। शुक्रवार को प्रभु बेरवा ड्राइवर कुलदीप के साथ परतापुर थाने पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक कुलदीप से पूछताछ की।
मारपीट के बावजूद चोरी की रिपोर्ट की दर्ज
कंपनी के मैनेजर प्रभु बेरवा ने कहा कि दोनों युवकों ने ड्राइवर के साथ मारपीट भी की। इसके बावजूद पुलिस ने लूट की बजाय चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। इस बारे में वह आला अधिकारियों से बात करेंगे।
यह भी पढ़ें: दुस्साहस: मेरठ कोतवाली में किशोरी का एलानिया अपहरण, आरोपी लगातार दे रहे थे अगवा करने की धमकी
क्राइम ब्रांच और दो टीमें जांच में जुटीं
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन टीमों को लगाया है। सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी दिल्ली की तरफ जाते हुए दिख रही है। पुलिस बैंक के आसपास और दूसरी जगह लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: UP: छह फर्जी फर्मों का पर्दाफाश, पकड़ी गई 14 करोड़ की हेराफेरी, जीएसटी की जांच में ऐसे उजागर हुआ पूरा खेल