UP: देश के मशहूर शायरों ने पेश किया कलाम, तालियों से गूंज उठा पटेल मंडप, ये नेता और अफसर रहे मौजूद
मशहूर शायर इकबाल अशहर ने कहा कि हौसला रक्खो रात बीतेगी, देखना रोशनी ही जीतेगी। उन्होंने कहा कि यही जुनून यही एक ख़्वाब मेरा है, वहां चराग जला दूं जहां अंधेरा है।
विस्तार
हौसला रक्खो रात बीतेगी, देखना रोशनी ही जीतेगी..... बुधवार रात कौमी एकता के प्रतीक नौचंदी मेले के पटेल मंडप में उर्दू अदब की महफिल में दिल्ली के मशहूर और मारूफ शायर इकबाल अशहर ने ये कलाम पेश किया। देश के मशहूर शायरों ने कलाम पेश किया तो श्रोताओं की तालियों से पटेल मंडप का हॉल गूंज उठा।
जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक रफीक अंसारी, शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन सिद्दीकी ने शमां रोशन कर मुशायरे का आगाज किया। इसके बाद मुशायरे का सिलसिला शुरू हुआ। दिल्ली के मशहूर शायर इकबाल अशहर ने कहा कि हौसला रक्खो रात बीतेगी, देखना रोशनी ही जीतेगी। उन्होंने कहा कि यही जुनून यही एक ख़्वाब मेरा है, वहां चराग जला दूं जहां अंधेरा है। हाशिम फिरोजाबादी ने कहा कि न दुश्मनी न अदावत में मारा जाऊंगा, मैं जब मरा तो मुहब्बत में मारा जाऊंगा। अना देहलवी ने कहा कि फूलों को कांटों पे चलना पड़ता है, इश्क करना है तो आग में जलना पड़ता है।
मेरठ के मशहूर शायर अजहर इकबाल ने कहा कि दरख़्तों से था एक रिश्ता हमारा, जमीं उनकी थी और साया हमारा, खड़े हैं मुट्ठियों में रेत लेकर, हुआ करता था एक दरिया हमारा। हास्य व्यंग्य कवि व शायर पॉपुलर मेरठी ने कहा कि हिकारत से न देखो यूं मवालियों को न जाने कौन सा गुंडा कब वजीर हो जाए। देवबंद निवासी मशहूर युवा शायर डॉ. नदीम शाद ने अपने कलाम में कहा कि सब कुछ आसान हो सकता है ऐसा लगता है, कुछ लोगों से मिलकर कितना अच्छा लगता है, चाहे सब खो जाए, लेकिन उनको मत खोना, जिनको तेरी आंख का आंसू दरिया लगता है।
यह भी पढ़ें: Deoband: मौलाना अरशद मदनी बोले- मुफ्ती वलीउल्लाह की फांसी की सजा के फैसले को हाईकोर्ट में दी जाएगी चुनौती
इन शायरों ने कलाम पेश किया
मुशायरे की निजामत शायर मोईन शादाब ने की, शायर ताहिर फराज, इकबाल अशहर, खालिद आजमी, अना देहलवी, शायर पॉपुलर मेरठी, अफजल मंगलौरी, डॉ. नदीम शाद, अजहर इकबाल, खुर्शीद हैदर, महेंद्र अश्क, हाशिम फिरोजाबादी, इरफान आजमी, फखरी मेरठी, अतहर शकील, अल्तमश अब्बास, नज्म इकबाल, आदिल रशीद, अबुजर नवेद, वारिस वारसी, इरशाद बेताब, जहीरुद्दीन जही, वाजिद मेरठी, दानिश गजल, सीमा गौहर रामपुरी ने कलाम पेश किए।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: चंद मिनटों में टूट गईं सांसें, गर्भवती महिला समेत छह जिंदगियां खत्म, खौफनाक मंजर देख कांपी लोगों की रूह
नेताओं से अफसरों तक तमाम लोग रहे मौजूद
मुशायरे के संयोजक डॉ. एजाजुद्दीन पॉपुलर मेरठी, नायब शहरकाजी जैनुर राशिद्दीन, सह-संयोजक शायर वाजिद मेरठी, नौचंदी मेला उपसमिति के सदस्य हाजी शीराज रहमान रहे। जबकि इस दौरान सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, शहरकाजी प्रोफेसर जैनुस साजिद्दीन सिद्दीकी, विधायक रफीक अंसारी, एडीएम सिटी दिवाकर सिंह, एडीएम एलए सुल्तान अशरफ सिद्दीकी, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव, मौलाना मशहुदूर रहमान शाहीन जमाली, अमित कुमार, मुफ़्ती मौ. नईम, सपा नेता बाबर चौहान खरदौनी, कैफ मुखिया, अरशद मक्की सहित अन्य लोग मौजूद रहे।