हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म, दी हत्या की धमकी
मेरठ के दो युवकों द्वारा गाजियाबाद की एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार एक युवक ने शादी का झांसा देकर छह साल तक उससे शारीरिक संबंध बनाए। बाद में एक दोस्त को साथ लाकर तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो वायरल करने और परिवार की हत्या की धमकी देने पर पीड़िता ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई। जिसके बाद दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पीड़िता का कहना है कि उसके पिता की 25 साल पहले मौत हो चुकी है। साल 2013 में वह ओखला दिल्ली स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करती थी। वहां उसकी मुलाकात दूसरी कंपनी में काम करने वाले किठौर मेरठ निवासी सरताज व शाह मोहम्मद से हुई।
दोनों ने कहा कि वह गाजियाबाद में अच्छी नौकरी पर जा रहे हैं। अगर वह साथ चले तो उसे भी अच्छी नौकरी दिला देंगे। भरोसा करके वह गाजियाबाद में सरताज द्वारा किराए पर लिए फ्लैट पर उसके साथ रहने लगी। शादी का झांसा देकर सरताज उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। शादी के लिए कहने पर वह उसे नई-नई बात बताकर टरका देता था।
पीड़िता का कहना है कि इसके बाद सरताज उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने लगा। शादी के लिए कहने पर वह उसके साथ मारपीट करता था। कुछ दिनों पहले सरताज अपने साथी शाह मोहम्मद को लेकर फ्लैट पर आया। सरताज ने युवती से कहा कि उसे शाह मोहम्मद से शादी करनी है।
मना करने पर दोनों ने तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार शाह मोहम्मद का पिता थाना किठौर का हिस्ट्रीशीटर है। शिकायत करने पर वह उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसएचओ कविनगर मो. असलम का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।