मेरठ: एक करोड़ की चोरी में करीबी पर गहराया शक, सौ तोले सोना व 25 लाख की नगदी समेत डीवीआर भी ले गए बदमाश
मेरठ में एक करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस को अहं सुराग मिले हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक बदमाश दिखाई दिया है, जोकि कोठी के पीछे कब्रिस्तान की चाहरदीवारी फांदकर आ रहा है। 25 संदिग्धों को चिह्नित किया है।
विस्तार
नौचंदी थाने से चंद कदम दूरी पर भवानीनगर में जल संस्थान के सेवानिवृत्त जीएम जकीउर्रहमान परिवार के साथ रहते हैं। जकीउर्रहमान कैंसर पीड़ित हैं और उनका इलाज दिल्ली चल रहा है। सोमवार सुबह जकीउर्रहमान को उनके परिवार वाले दिल्ली ले गए थे। रात में बदमाशों ने कोठी में धावा बोलकर करीब एक करोड़ की चोरी कर ली। घर में नौ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिन्हें उनके बेटे माज ने मोबाइल से कनेक्ट किया हुआ था। बदमाश कैमरे की डीवीआर भी ले गए। माज ने बताया कि सोमवार रात करीब 1:57 बजे कैमरे बंद हो गए थे।
बुधवार को नौचंदी पुलिस व एसओजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। दो सीसीटीवी खंगाले। एक कैमरे में एक बदमाश कोठी के पीछे से कब्रिस्तान की चाहरदीवारी फांदकर आता दिख रहा है। दूसरे कैमरे में दो बाइक दिखाई दी हैं, जिस पर तीन युवक हैं। आशंका है कि ये तीनों भी बदमाश हो सकते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि चार बदमाशों ने वारदात की है।
यह भी पढ़ें: - ओवैसी का अटैक: पाकिस्तान को सुनाई खरी-खोटी, बोले- मलेरिया की दवा खरीदने की औकात नहीं, हमारे देश...
करीबियों को ही पता था दिल्ली गया है परिवार
इंस्पेक्टर नौचंदी का कहना कि पुताई करने वाले, घर में काम करने वाले और किरायदारों से भी पूछताछ की जा रही है। परिवार के करीबियों को ही पता था कि जकीउर्रहमान को दिल्ली ले जाया गया है। घटनास्थल पर वारदात के वक्त मौजूद मोबाइल नंबर ट्रेस किए जा रहे हैं। जमानत पर छूटे बदमाशों का भी रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।
बर्बाद हो गए, पुत्रवधू को अब क्या देंगे
जकीउर्रहमान को चोरी होने पर गहरा सदमा लगा है। बुधवार को उनकी तबियत और खराब हो गई। पत्नी शायना का भी रो-रोकर बुरा हाल था। उनका कहना था कि बुजुर्गों की निशानी उनके खानदानी जेवरात चले गए। अब बेटे की शादी में पुत्रवधू को क्या देंगे। पहले ही पति की बीमारी में पैसा खर्च हो रहा है। हम तो बर्बाद हो गए।
50 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। 25 संदिग्धों को चिह्नित किया है। करीबियों पर परिवार के लोग भी शक जता रहे हैं। चोरी, लूट, डकैती में जमानत पर छूटकर आया एक बदमाश पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। - विनीत भटनागर, एसपी सिटी