शर्मनाक: बेटी हुई तो विवाहिता को पिलाया ऑल आउट, सड़क पर तड़पता छोड़ा, फिर दिया तीन तलाक
मेरठ में बेटी पैदा होने पर विवाहिता को ऑल आउट पिलाकर सड़क पर तड़पने के लिए छोड़ दिया। मायके वालों के दखल के बाद ससुराल वाले दोबारा साथ ले गए लेकिन उसके साथ मारपीट कर दी। मायके वाले फिर से समझौता कराने पहुंचे तो तीन तलाक दे दिया। पढ़ें पूरा मामला
विस्तार
बेटी पैदा होने पर पति व अन्य ससुरालियों ने विवाहिता को जहरीला पदार्थ (मच्छर मारने वाला ऑल आउट) पिला दिया। हालत बिगड़ने पर मेरठ के खुशहाल मोहल्ला निवासी आरोपी ससुराल वाले विवाहिता को अस्पताल न ले जाकर तड़पते हुए मायके क्षेत्र में सड़क पर छोड़कर भाग गए। यह अमानवीयता अर्थला स्थित संजय कॉलोनी की रहने वाली यासमीन के साथ हुई है।
यासमीन ने बताया कि उनकी शादी 24 जुलाई 2020 को हुई थी। शादी के बाद ससुराल वालों ने पहले तो कम दहेज के लिए उनको प्रताड़ित किया। बाद में साल 2021 में बेटी पैदा होने पर उनके साथ मारपीट कर उनको मच्छर मारने वाला ऑलआउट पिला दिया। किसी तरह यासमीन अपने मायके पहुंची तब मायके वालों ने अस्पताल ले जाकर उनका इलाज कराया।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather News : पुरवाई हवा के चलने से तापमान में गिरावट, कुछ स्थानों पर आज बूंदाबांदी के आसार
ठीक होने के बाद जब मायके वालों ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तब ससुराल वाले माफी मांगकर उनको अपने साथ मेरठ ले गए। आरोप है कि यहां 15 अगस्त 2024 को ससुराल वालों ने फिर उनके साथ मारपीट की। छह सितंबर 2024 को जब यासमीन के माता-पिता ससुराल पहुंचे, तो आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज की और पति सनव्वर ने यासमीन को तीन तलाक दे दिया।
पीड़िता ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मेरठ के खुशहाल मोहल्ला निवासी उसके पति सनव्वर, ससुर मुजफ्फर, नंद सबिस्ता उर्फ शब्बो, फरीन और देवर शहवाज के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ना और जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि मामला 2021 का है। पीड़िता ने तहरीर 27 अप्रैल 2025 को साहिबाबाद थाने में दी है। शुरुआती जांच में पीड़िता के बयानों के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।