Saharanpur: तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में घुसा, हादसे से मची अफरातफरी
तीतरों में देर रात तेज गति से आ रहा ट्रक ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर हार्डवेयर दुकान में घुस गया। हादसे में दुकान का टीन शेड क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन बड़ा नुकसान टल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर संकेतक लगाने की मांग की।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के तीतरों में देर रात गंगोह-नानौता मार्ग पर महंगी बस स्टैंड के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गेहूं के बीज से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई।
गांव के सरदार गुरिंदर सिंह की हार्डवेयर की दुकान में यह दुर्घटना हुई। बताया गया कि ट्रक चालक जावेद निवासी जानसठ-मीरापुर गेहूं के बीज लेकर गंगोह मंडी जा रहा था। तेज गति के कारण ट्रक ब्रेकर पर उछल गया और सीधे दुकान में जा घुसा।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 27 अक्टूबर को आपके शहर में क्या हुआ
ग्रामीणों ने बताया कि दुकान के बाहर लगी ईंटों की दीवार ने बड़ा हादसा टलने से बचा लिया, हालांकि दुकान का टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। फिलहाल किसी पक्ष की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इसी स्थान पर एक माह पूर्व भी ट्रक हलवाई की दुकान में घुस गया था, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि ब्रेकर पर पेंट और संकेतक लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं टल सकें।