शराब कांड: SIT ने दर्ज कराए मृतकों के परिजनों के बयान, अब ग्रामीणों ने बताई ये सच्चाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर में जहरीली शराब कांड की जांच के लिए शासन द्वारा गठित की गई एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह एसआईटी ने जिले के चार गांवों में पहुंचकर जहरीली शराब से मरने वालों के परिजनों, ग्राम प्रधानों एवं प्रमुख लोगों समेत करीब 30 लोगों से पूछताछ की जिसमें अधिकांश लोगों ने शराब बालूपुर में जाकर पीने की बात कही है, तो उमाही कोटा के कुछ लोगों ने शराब गांव के ही पिंटू से लेकर पीने के बारे में टीम को जानकारी दी।
एसआईटी के अध्यक्ष एवं अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे (एडीजी) संजय सिंघल मंगलवार शाम सहारनपुर पहुंच गए थे। यहां उन्होंने पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा क्षेत्र के पुलिस कर्मियों से भी अलग-अलग पूछताछ की। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी देर रात तक पूछताछ चलती रही।
बुधवार सुबह लगभग दस बजे एसआईटी के अध्यक्ष एडीजी संजय सिंघल और एसआईटी के सदस्य मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी और आईजी शरद सचान ग्राम उमाही कोटा पहुंचे। गांव के प्राथमिक विद्यालय में बैठ कर पीड़ित परिवार के लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। टीम यहां पर लगभग डेढ़ घंटे तक रही। एसआईटी ने प्रधानपति मुमताज के अलावा मृतकों के परिजनों मांगेराम, राजा, शहजाद, शाहनवाज, भीम, प्रदीप समेत 12 लोगों से पूछताछ की। यहां अधिकांश लोगों ने गांव के ही पिंटू के यहां से शराब लाकर पीने की बात कही, लेकिन जब पिंटू के भाई जितेंद्र से जानकारी करने का प्रयास किया कि शराब कहां से आती थी, तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। यहां के शराब पीने से बीमार हुए लोगों के बारे में भी जानकारी की गई।
इसके बाद टीम ग्राम शरबतपुर पहुंची। यहां भी प्राथमिक विद्यालय में मृतकों के परिजनों से लगभग आधा घंटे तक पूछताछ हुई। जिसमें मृतक राजवीर की पत्नी सुषमा, मृतक धूम सिंह की पत्नी नीला के अलावा ममता पत्नी महिपाल और ग्राम प्रधान के पति कुलदीप से पूछताछ की। इसके अलावा एसआईटी ने ठीक होकर घर पहुंचे बिजेंद्र सिंह के घर पहुंचकर उससे जानकारी ली।
ग्राम सलेमपुर में एसआईटी ने पीड़ित परिवारों में से कुसुम, बिरमलता, शिवकुमार, धनीराम समेत करीब आठ लोगों के बयान दर्ज किए। साथ ही ग्राम प्रधान सतीश कुमार, गांव के ही अमित कुमार एवं बीमार व्यक्ति जोध सिंह के भी बयान दर्ज किए गए। ग्राम ताजपुर में एसआईटी ने पीड़ित परिवारों में से ललित, बबली, सुनीता, महेंद्र और ग्राम प्रधान बिजेंद्र समेत पांच लोगों के बयान दर्ज किए। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसके दूबे, एसपी देहात विद्यासागर मिश्र भी मौजूद रहे। गांवों में पूछताछ करने के बाद टीम सहारनपुर लौट आई। एसआईटी की जांच पूरी होने में अभी कई दिन लगने की संभावना है।
ऋषिपाल को दोबारा अस्पताल पहुंचाया
बुधवार को ग्राम उमाही कोटा में बीमार ऋषिपाल के बेटे प्रवीण को भी पूछताछ के लिए एसआईटी ने बुलाया था। पूछताछ के दौरान प्रवीण ने बताया कि उसके पिता ऋषिपाल अभी भी बीमार हैं और बिस्तर पर हैं। जिस पर एडीजी संजय सिंघल ने ऋषिपाल को तुरंत अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने एंबुलेंस को बुलवाकर ऋषिपाल को फिर से अस्पताल पहुंचवाया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/