ताबड़तोड़ हत्याएं: सिर-हाथ काटकर नाले में फेंकी लाश तो कहीं जमीन में गाड़ा शव, LLB के छात्र का भी मर्डर, दहशत
Murder in Meerut : मेरठ में ताबड़तोड़ हत्याओं की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। जहां लोगों में दहशत का माहौल है तो वहीं खाकी भी सवालों के घेरे में है। पुलिस अभी तक सिर कटी लाश की शिनाख्त नहीं कर पाई है और एलएलबी के छात्र की हत्या करने वाले आरोपी भी फरार है।
विस्तार
यूपी के मेरठ में ताबड़तोड़ हत्याएं हो रही हैं और पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम है। कहीं युवक का सिर और हाथ काटकर लाश को नाले में फेंक दिया गया तो कहीं मर्डर के बाद शव को जमीन में गाड़ दिया गया। इसके अलावा दो भाइयों ने मिलकर एक एलएलबी के छात्र को मौत के घाट उतार दिया।
बताया गया कि युवक पीसीएस-जे की तैयारी कर रहा था। अभी तक सिर और हाथ कटी लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जबकि एलएलबी के छात्र की हत्या के मामले में पुलिस के खाली हाथ है। उधर, फलावदा में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया है। विस्तार से पढ़िए तीनों हत्याकांड के बारे में-
घटना - 1
युवक की हत्या करने के बाद खेत में गाड़ा शव, वीडियो से खुला राज
मेरठ में फलावदा के बहजादका गांव से चार दिन पहले लापता हुए उत्तम वीर चौधरी (22) की गांव के अक्षय ने अपने दोस्त के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी। शव को झिंझाड़पुर के जंगल में गन्ने के खेत में गाड़ दिया गया। दोनों ने शव गाड़ते हुए इसका वीडियो बनाया। नशे में दोनों ने वह वीडियो अपने एक दोस्त को दिखाई तो उसने मृतक के भाई को इसकी जानकारी दे दी। जिसके बाद शुक्रवार को शव बरामद हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। दोनों से तमंचा बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
बहजादका गांव निवासी उत्तम वीर पुत्र अजय पंजाब में एक गैस एजेंसी पर सेल्समैन था। 10 सितंबर को वह घर आया था। 11 सितंबर को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। छोटे भाई विनय ने फलावदा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। बृहस्पतिवार को उत्तमवीर के भाई का दोस्त जयसिंहपुर बहसूमा निवासी आकाश उनके घर आया और उसने बताया कि गांव के अक्षय (25) पुत्र जितेंद्र और उसके दोस्त शुभम (26) निवासी खेड़ी मवाना ने उत्तमवीर को मारकर शव गन्ने के खेत में दबा दिया है।
आकाश ने बताया कि अक्षय और शुभम ने उसे शव दफनाते हुए बनाया गया वीडियो दिखाया है। परिजनों ने गांव वालों के साथ गन्ने के खेत में तलाश की तो शुक्रवार को बुरी तरह से गला हुआ शव बरामद हो गया। इसका पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी में हुआ था विवाद, भांग पीने के बाद बनाई प्लानिंग
एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि आरोपी अक्षय ने बताया कि एक शादी समारोह में उसका उत्तमवीर से विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों में रंजिश हो गई थी। दोनों में जहां भी आमना-सामना होता था तो वे गुस्से में आ जाते थे। कुछ दिन पहले भांग पीने के दौरान अक्षय ने दोस्त शुभम से कहा कि उत्तमवीर को गांव में आने पर मारना है। दोनों ने पूरी योजना बना ली। उत्तमवीर जब गांव आया तो शुभम उसे मिला। उसने कहा कि बहुत अच्छी भांग लाया हूं, चलो जंगल में पीते हैं। इसके बाद तीनों ने जंगल में ट्यूबवेल पर भांग पी। थोड़ा नशा होने के बाद अक्षय ने तमंचे से गोली मारकर उत्तमवीर की हत्या कर दी। शव को गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। बाद में इसका वीडियो भी बनाया।
एसपी देहात ने बताया कि आकाश भी नशा करता है। वो अक्षय और शुभम के साथ नशा कर रहा था तो उन्होंने मोबाइल में शव गाढ़े जाने के समय का वीडियो दिखाया। इसके बाद आकाश ने उत्तमवीर के परिजनों को इसकी जानकारी दी। अब गुमशुदगी के मामले को हत्या में तरमीम किया गया है।
पिता की हो चुकी है मौत
उत्तमवीर के पिता अजय कुमार की चार साल पहले मौत हो गई गई थी। उसके दो भाई और दो बहने हैं।
घटना - 2
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
मेरठ में सरधना थाना क्षेत्र गांव भामौरी में एलएलबी के छात्र की हत्या के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिसके विरोध में ग्रामीणों ने थाने घेराव करते हुए दो दिन में गिरफ्तारी करने का समय दिया। परिजनों ने का आरोप है कि घटना के समय पुलिस सक्रियता से कार्रवाई करती तो हत्यारोपियों को पकड़ा जा सकता था। बताया गया कि घटना के बाद भी आरोपी गांव में मौजूद थे। पुलिस ने मृतक के परिजन व ग्रामीणों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत किया।
बता दें कि बृहस्पतिवार की सुबह गांव भामौरी निवासी मोहित राना पुत्र अनिल अपने खेत से डेयरी की तरफ जाते समय दो भाईयों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिवार का इकलौता चिराग बुझने से घर में कोहराम मच गया। हत्या के मामले में आईटीबीपी के जवान मनोज व राहुल पुत्रगण विनोद को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया गया है। बृहस्पतिवार पोस्टमार्टम के बाद देर रात गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, दिन दहाड़े युवक की हत्या के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
परिजनों ने बताया कि मृतक मोहित मेरठ कॉलेज में एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। परिवार का इकलौता चिराग बुझने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी मनोज व राहुल फरार चल हैं। गांव में मृतक के घर पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं, शुक्रवार मृतक के परिजनों के साथ ग्रामीण थाने पहुंचे हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने थाने का घेराव करते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। पुलिस ने ग्रामीणों को दो दिन का समय देते हुए जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि थाना पुलिस दो दिन में हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो गांव में समाज की पंचायत की जाएगी। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी ने बताया कि हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई है। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ट्रैक्टर हटाने के विवाद में आपसी सुलह फिर भी हत्या
सरधना के गांव भामौरी में बुधवार की रात मोहित बाइक से गांव में जा रहा था। तभी रास्ते में खड़े मनोज व राहुल के ट्रेक्टर को हटाने की बात पर मामूली विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि गांव गणमान्य लोगों ने तभी दोनों पक्षों को समझा बुझाकर अपसी सुलह करा दी थी। वहीं, सुबह उठते हुए राहुल अपने कई साथियों के साथ मोहित के घर के सामने हथियार लेकर चक्कर काटता रहा। जिसके कुछ घंटों बाद बाइक से खेत की तरफ से बाहरी छोर पर स्थित डेयरी के पास आईटीबीपी के जवान मनोज व राहुल ने गोली मारकर मोहित की हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि कुछ महीनों पहले आरोपी राहुल गांव की ही एक युवती को भगाकर ले गया था। जिसके बाद मामलें में ग्रामीणों ने डांटते हुए गांव में ही आपसी समझौता करा दिया था। जिसके बाद से राहुल अपने साथ हर समय अवैध हथियार रखा करता था। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
मौत के बाद पता चला एलएलबी का रिजल्ट
भामौरी गांव में घर के इकलौते चिराग की हत्या के बाद परिजन सदमे में हैं। वहीं, मां अनीता देवी बेटे को खोने के बाद गुमशुम है। मृतक के चाचा सुनील ने बताया कि मोहित एलएलबी के अंतिम वर्ष का छात्र था। शुक्रवार को मोहित का रिजल्ट देखा जिसमें वह 62 फीसदी से पास हुआ है। यह देखकर सभी का दिल भर आया और आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे। वहीं, एक और बात परिजनों को दुख पहुुंचा रही थी कि किसी पंडित ने मोहित के बारे में यह बताया था कि उसकी शादी 26 साल की उम्र के बाद ही करना। जिसके चलते मोहित के रिश्ते को लेकर लगातार बात चल रही थी। लेकिन इस बात को लेकर हर रिश्ता तय करने से मना कर देते थे। मगर किसी को क्या पता था कि समय का कालचक्र ही सबकुछ खत्म कर देगा।
घटना - 3
पुलिस ने लावारिस में किया सिर कटी लाश का अंतिम संस्कार
मेरठ के दौराला में नौ सितंबर को पबरसा मार्ग स्थित नाले में मिली सिर व हाथ कटी लाश को लेकर पुलिस ने नए सिरे से शिनाख्त करानी शुरू कर दी है। पुलिस ने मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर के गांव नौना से युवक का शव लाकर बृहस्पतिवार को लावारिस में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पबरसा मार्ग पर नौ सितंबर की सुबह नाले में एक युवक का शव पड़ा मिला था। शव की पहचान छिपाने के लिए सिर व हाथ काटे गए थे। मृतक की शिनाख्त को लेकर पुलिस सोशल मीडिया का सहारा ले रही थी। बुधवार को मंसूरपुर थाने के गांव नौना निवासी सुरेश परिजनों के साथ दौराला थाना पहुंचे और नाखून के जरिये शव की शिनाख्त बेटे मोंटी के रूप में की थी।
उनका कहना था कि मोंटी अपनी प्रेमिका के साथ चला गया था। युवती के परिजनों ने दोनों की हत्या कर दी। लेकिन, रात में ही मुजफ्फरनगर पुलिस ने मोंटी को चंडीगढ़ से बरामद कर लिया। इसके बाद दौराला पुलिस शव वहां से मेरठ ले आई।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने सूरजकुंड पर लावारिस में शव का अंतिम संस्कार करा दिया। मोंटी के लौट आने पर अब पुलिस के लिए फिर से शव की शिनाख्त कराना चुनौती बन गई है। पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार पंफलेट डाल रही है। ताकि, जल्द शव की शिनाख्त हो सके। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। लेकिन, पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा।
थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि शव की शिनाख्त के लिए दोबारा से जांच शुरू कर दी गई है। शव का अंतिम संस्कार करा दिया है।