Meerut: फिल्म निर्देशक सिद्धार्थ तिवारी के होटल कमरे से लाखों की चोरी, होटलकर्मी पर शक
मेरठ के दिल्ली रोड स्थित कॉन्वे होटल में निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी के कमरे से लाखों रुपये की घड़ी, नकदी और अन्य सामान चोरी हो गया। पुलिस को इस मामले में किसी होटलकर्मी की संलिप्तता का शक है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
विस्तार
मेरठ के दिल्ली रोड स्थित कॉन्वे होटल में फिल्म निर्माता-निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी के कमरे से लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान चोरी होने के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। जांच में सामने आया है कि चोर पहले होटल के प्रवेश द्वार से अंदर आया और बाद में निकास की ओर बढ़ा। इस स्थान पर सीसीटीवी कवरेज नहीं होने के कारण उसकी गतिविधियां साफ नहीं दिखीं और सुरक्षाकर्मियों को भी भनक नहीं लगी। इसके बाद वह सीधे पांचवें फ्लोर पर स्थित सिद्धार्थ तिवारी के कमरे तक पहुंच गया।
कमरे का गेट खुला होने की जानकारी मिलने का शक
पुलिस को आशंका है कि किसी होटलकर्मी ने ही आरोपी को कमरे का दरवाजा खुला होने की जानकारी दी होगी। मुंबई निवासी सिद्धार्थ कुमार तिवारी ने ब्रह्मपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह नए सीरियल की तैयारियों के सिलसिले में गुरुवार शाम अपने साथियों के साथ मेरठ पहुंचे थे और कॉन्वे होटल के कमरा नंबर 507 में ठहरे थे। उन्होंने होटल स्टाफ से कमरे का एसी खराब होने की शिकायत की थी। इसी वजह से उन्होंने कमरे का गेट बंद नहीं किया था। शुक्रवार सुबह नींद खुलने पर उन्हें चोरी का पता चला।
यह भी पढ़ें: UP: संदीप ने नाम बदल मुहब्बत को बुलाया था होटल, व्हाट्सएप चैट से नया मोड़; विदेशी लड़कियों को बुलाता था मेरठ
सात लाख की घड़ी समेत कई कीमती सामान चोरी
चोर उनके कमरे से करीब सात लाख रुपये की ब्राइटलिंग ब्रांड की घड़ी, करीब 1.25 लाख रुपये नकद, एप्पल का टैब, हेडफोन, सैमसंग मोबाइल, दो महंगे चश्मे और पर्स में रखे फॉरेक्स कार्ड, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए अब तक 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और होटल के पूर्व कर्मचारियों, ड्यूटी पर तैनात स्टाफ और इलेक्ट्रीशियन समेत 30 से अधिक लोगों से पूछताछ की है।
गगोल की ओर पैदल जाता दिखा आरोपी
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वारदात के बाद सामान लेकर गगोल की दिशा में पैदल जाता दिखाई दे रहा है, लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी आसपास कहीं रुक गया हो।
अब पुलिस आरोपी के होटल तक पहुंचने वाले रास्तों की भी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कई टीमें आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।