Meerut: किशोरी को अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर होटल बुलाया, दुष्कर्म का आरोप
मेरठ के सदर बाजार क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर होटल बुलाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पोक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्तार
मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी को कथित तौर पर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर होटल बुलाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी फरदीन के खिलाफ पोक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में किशोरी के अलावा अन्य लड़कियों से जुड़ी अश्लील सामग्री भी मिली है।
सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी किशोरी
मेडिकल थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी महिला ने सोमवार को सदर बाजार थाने में तहरीर दी। महिला के अनुसार, उसकी 16 वर्षीय बेटी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर करीब तीन बजे बेटी ने फोन कर बताया कि आरोपी फरदीन उसे होटल में लेकर आया है और उसके साथ जबरदस्ती की गई है।
होटल पहुंचकर आरोपी को पुलिस के हवाले किया
सूचना मिलने के बाद नरसिंह वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक हिंदू अपने कार्यकर्ताओं के साथ होटल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने आरोपी को आवाज देकर कमरे से बाहर बुलाया। कमरे का दरवाजा खुलते ही कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़ लिया। होटल में हंगामा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी व किशोरी को थाने ले आई।
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, वीडियो से कर रहा था ब्लैकमेल
पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी आरोपी से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। इन्हीं के आधार पर वह करीब एक साल से उसे ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की तो उसमें किशोरी से जुड़ी सामग्री के साथ अन्य लड़कियों की भी अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई।
आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल में मिली अन्य सामग्री किससे संबंधित है और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया। सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।