मेरठ: शहर सराफा में तेलंगाना पुलिस से हाथापाई, बाजार बंद का एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में तेलंगाना पुलिस की सराफा बाजार में दबिश के बाद व्यापारियों का गुस्सा फूट गया। पुलिस से हाथापाई तक की नौबत आ गई। पुलिस पर व्यापारी को फंसाने का आरोप लगा कारोबारियों ने जाम लगाने की कोशिश की। आक्रोशित व्यापारियों ने गुरुवार को सराफा बाजार बंद रखने का एलान कर दिया है।
तेलंगाना में 12 नवंबर को हुई करोड़ों की चोरी में पुलिस ने दिल्ली निवासी नदीम को गिरफ्तार किया था। मेरठ पहुंची तेलंगाना पुलिस ने नदीम के हवाले से बताया कि उसने 15 नवंबर को चोरी का 200 ग्राम सोना प्रकाश चंद राकेश कुमार के मालिक राकेश निवासी रेलवे रोड को बेचा था। तेलंगाना क्राइम ब्रांच देहली गेट पुलिस के साथ सराफ राकेश के घर पहुंच गई। इस पर व्यापारियों ने हंगामा किया।
शहर सराफा बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री नरेश माहेश्वरी और मेरठ बुलियन टेड्रर्स के महामंत्री विजय आनन्द अग्रवाल ने कहा कि बिना थाने में आमद दर्ज कराए व्यापारी के प्रतिष्ठान पर हथियार लेकर तेलंगाना पुलिस कैसे पहुंची।
देहली गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई तो व्यापारियों की नोकझोंक हुई। थाने में भी व्यापारियों ने हंगामा किया। व्यापारियों का कहना था कि राकेश कुमार का व्यापार मोतियों की फूल मालाओं का है, वह सोने चांदी का कारोबार नहीं करते तो उन्हें झूठा क्यों फंसाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: खाकी पर पांच बड़े हमले: हाईवे पर फिर वारदात, बदमाशों ने सिपाही से लूटी राइफल, खूब वायरल हो रहा वीडियो
सीसीटीवी देखे, नहीं दिखा आरोपी
व्यापारियों ने सीसीटीवी चेक कराए, जिसमें तेलंगाना पुलिस को आरोपी 15 नवंबर और आसपास के दिनों में भी दुकान के अन्दर दाखिल और जाता-जाता भी नहीं दिख रहा है। आसपास के सीसीटीवी भी चेक कराए गए, यहां भी आरोपी नहीं दिखा। इसके बाद व्यापारियों का और आक्रोश फूट गया।
... तो लुटेरों का मच गया शोर
बिना वर्दी के तेलंगाना पुलिसकर्मी हथियार लेकर आए तो लुटेरों के बाजार में आने का शोर मच गया। जब विजय आनन्द अग्रवाल पहुंचे तो उन्होंने पुलिसकर्मियों की आईडी चेक की तो सब व्यापारी शांत हुए और पुलिसकर्मी कंफर्म किया।
जब तक क्लीन चिट नहीं, तब तक नहीं खुलेंगे बाजार
व्यापारियों का कहना था कि जब तक उनके व्यापारी साथी को क्लीन चिट इस मामले में नहीं मिलती, तब तक बाजार बंद रहेंगे। दूसरे राज्यों और आसपास की पुलिस के मेरठ आकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
परेशान करती है पुलिस
आए दिन पुलिस चोरी और लूट का माल खरीदने का आरोप लगाकर व्यापारियों के यहां दबिश देकर परेशान करती है। विरोध में बृहस्पतिवार को बंद का एलान किया है। - विजय आनन्द अग्रवाल, महामंत्री मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन
सभी दुकानें बंद रहेंगी
व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है। इसलिए शहर सराफा बंद करने का निर्णय लिया गया है। आज शहर सराफा की सभी दुकाने बंद रहेगी। - नरेश माहेश्वरी, महामंत्री शहर सराफा बाजार व्यापार मंडल