Meerut: बरेली जेल से इलाज के लिए आया बंदी मेडिकल कॉलेज से फरार, पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मेरठ में पुलिस अभिरक्षा से बंदी के फरार होने का मामला नया नहीं है। सोमवार को बरेली जेल से इलाज के लिए लाया गया एक बंदी मेरठ मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड से फरार हो गया। बंदी व पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
बरेली जेल से इलाज के लिए आया मेरठ लाया गया बंदी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से फरार हो गया। नींद से जागे पुलिसकर्मियों को बंदी गायब मिला तो उनमें हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने उसे तलाश करने के लिए दौड़ भी लगाई, लेकिन वह हाथ नहीं आया। चौकी प्रभारी की ओर से बंदी समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली जेल में आवला निवासी काले खां उर्फ तौफीक एनडीपीएस एक्ट में जेल में बंद था। तबियत खराब होने पर उसे जेल से मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस लाइन में तैनात हैड कांस्टेबल खेम सिंह और कांस्टेबल राहुल, मोहम्मद युसूफ, आकाश और सुधांशु उसे शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे। उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था।
यह भी पढ़े: Meerut News: स्पोर्ट्स फैक्टरी के सुपरवाइजर और उसके साथी पर महिलाओं के यौन शोषण का आरोप
रविवार को उसे आयुष्मान वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पुलिसकर्मी सो रहे थे। इसी दौरान काले खां मौका पाकर फरार हो गया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों की आंख खुली तो काले खां अपने बैड पर नहीं था। जिससे पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई।
उसे तलाशने के लिए पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगा दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि बंदी काले खां और पांचों पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीसीटीवी में कैद हुआ मामला
बंदी काले खां के मेडिकल काॅलेज अस्पताल से भागने की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें वह चुपचाप दबे पांव भागता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी भी उसकी तलाश में भागते दिखाई दे रहे हैं। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मीडिया प्रभारी डॉ. वीडी पांडेय ने बताया कि बंदी के फरार होने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
पहले भी फरार हो चुके हैं बंदी
मेडिकल कॉलेज से बंदी फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी बंदी जेल से फरार हो चुके हैं। जनवरी 2021 में मुरादाबाद जेल से लाया गया बंदी फरार हो गया था। नवंबर 2019 में मुरादाबाद जेल में सजा काट रहा कैदी भी फरार हो गया था।