बाढ़ का कहर: तीन साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत, गांव में मचा हड़कंप, मां का रो-रोकर बुरा हाल
हस्तिनापुर में बाढ़ के भरे पानी में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से गांव में हड़कंप मच गया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की।
विस्तार
मेरठ में हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव कुंहेडा में गांव के समीप भरे बाढ़ के पानी में तीन साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। वहीं बच्चे की मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। वहीं पुलिस ने पंचनामा भरकर परिवार की सहमति से बच्चे के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
ये है पूरा मामला
कुंहेडा निवासी नूर मोहम्मद का तीन वर्षीय मासूम बेटा तोहिद सोमवार दोपहर को गांव के अन्य बच्चों के साथ खेलते वक्त अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था, जिसे परिजन कल दोपहर से ही इधर-उधर तलाश रहे थे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। खादर क्षेत्र में आई बाढ़ के कारण गांव के पास बने तालाब में बाढ़ का लबालब भरा हुआ है। बताया गया कि यह तालाब नूर मोहम्मद के घर के बिल्कुल समीप है। ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह तालाब में तोहिद की तलाश की तो वह पानी में डूबा हुआ मृत अवस्था में पाया गया।
यह भी पढ़ें: कबाड़ियों पर शिकंजा: सोतीगंज में विरोध के बीच आदिल के घर कुर्की की कार्यवाही, भारी पुलिस बल रहा तैनात
वहीं मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिवार के लोगों की सहमति से शव को परिजनों के सुपुर्द किया। मासूम बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र के सैकड़ों लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए मौके पर पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें: हस्तिनापुर: राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने बुलेट से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा, नष्ट हुई फसल का दिलाएंगे मुआवजा
बाढ़ नहीं आती तो बच्चे की जान नहीं जाती
परिवार के लोग बार-बार रोते हुए यही कह रहे हैं कि यह बाढ़ उन्हें पूरी तरह बर्बाद कर गई। बाढ़ का पानी उनके घरों तक पहुंच गया लेकिन उन्होंने सोचा कि सुरक्षित बच गए हैं। उन्हें क्या पता था उसी के पानी में उनके मासूम बेटे की मौत हो जाएगी। अगर यह बाढ़ का पानी नहीं आता तो तालाब में इतना पानी नहीं होता और उनके बच्चे की मौत नहीं होती।