मेरठ पुलिस का कारनामा: थाने की वसूली का पर्चा वायरल, अफसरों में मचा हड़कंप, एसएसपी ने कही ये बड़ी बात
थाने की वसूली की सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इससे पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वहीं एसएसपी एक्शन मूड में आ गए हैं।
विस्तार
मेरठ में सोशल मीडिया पर अवैध धंधों के लिए वसूली वाला पर्चा वायरल हुआ है। यह टीपीनगर थाने से जुड़ा बताया जा रहा है। चर्चा है कि किसी सिपाही ने इसे वायरल कर दिया है। अब मामला संज्ञान में आया तो एसएसपी ने एसपी सिटी से जांच कराने के बाद कार्रवाई की बात कही है। अभी तक पुलिस यही दावा कर रही है कि यह जानबूझकर छवि खराब करने की साजिश हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, पर्चे में टीपी नगर क्षेत्र में शराब, जुआ-सट्टा, सेक्स रैकेट सहित अन्य अवैध धंधों का जिक्र किया गया है। पर्चे में लिखा कि अवैध धंधा चलाने वाले कहां-कहां से पुलिसकर्मियों को कितना पैसा देते हैं। चौकी इंचार्ज से बीट कांस्टेबल तक को पैसा जाना बताया गया है। कुछ अवैध धंधा करने वालों के नाम भी पर्चे में लिखे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
पुलिस अफसरों तक यह मामला पहुंचा तो वे हैरान रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने कहा पर्चे की गंभीरता से जांच हो। अगर पर्चे के मुताबिक वसूली करने की बात सही पाई जाती तो पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। पुलिस का मानना है कि एक सिपाही ने यह पूरी हरकत की। उक्त सिपाही से भी पुलिस अधिकारी पूछताछ कर सकती है।
यह भी पढ़ें: याकूब पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी: पूर्व मंत्री को 24 घंटे में भेजना था नोटिस का जवाब, फैक्टरी से पकड़ा गया था पांच करोड़ का मीट
पेन से लिखा पर्चा, जानबूझकर बनाया
पर्चा पेन से लिखा है। वसूली करने का पर्चा शायद यह नहीं है, इस पर्चे में तो सिर्फ अवैध धंधा करने वालों के नाम और कहां-कहां की पुलिस पर कितना पैसा जाता है यह लिखा हुआ है। थाना पुलिस को बदनाम करने की भी साजिश हो सकती है।
पहले भी हो चुकी सिपाही पर कार्रवाई
यह भी चर्चा है कि जिस सिपाही ने पर्चा वायरल किया है, उस पर हाल ही में अनियमितताओं को लेकर कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें: योगी के गर्मी वाले बयान का असर: शामली में चला बुलडोजर... सपा नेता के चाचा के कब्जे से मुक्त कराई सरकारी भूमि, तस्वीरें
यहां भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा। अगर ऐसा जांच में पाया जाता है तो निश्चिततौर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जीरो टॉलरेंस पर पुलिस काम कर रही है। इस पर्चे में कितनी सच्चाई है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा। - प्रभाकर चौधरी, एसएसपी