फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut News Live: movement for restoration of old pension soon, 96 policemen will get shelter

Meerut News Live: किसान को खेत में मिले गुलदार के तीन शावक, दोषी को पांच साल की सजा और 25 हजार रुपये जुर्माना

Mon, 22 May 2023 09:31 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 22 May 2023 09:31 PM IST
सार

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी शिक्षक मोर्चा ने जुलाई माह में बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आशियाने की आस लगाए बैठे पुलिसकर्मियों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है।

विज्ञापन
Meerut News Live: movement for restoration of old pension soon, 96 policemen will get shelter
किसान को मिले गुलदार के तीन शावक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आशियाने की आस लगाए बैठे पुलिसकर्मियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। पुलिस लाइन में 96 पुलिसकर्मियों को जल्दी ही रहने के लिए क्वार्टर मिल जाएगा। 

विज्ञापन


दो साल से चल रहा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। केवल रंगाई-पुताई का काम बाकी है। उम्मीद है कि दो महीने में काम पूरा कर पुलिसकर्मियों को क्वार्टर आवंटित कर दिए जाएंगे। खास बात यह है कि ये क्वार्टर केवल हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और अनुचर (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) के लिए होंगे।
विज्ञापन


जिले में पुलिसकर्मियों की संख्या करीब चार हजार है, जिसमें अधिकारी से लेकर कर्मचारी सभी शामिल हैं। पुलिस लाइन में केवल 866 क्वार्टर थे, जो पहले से ही आवंटित हैं। इसके अलावा पुलिस लाइन से बाहर अधिकारियों के आवास अलग हैं। दूर-दराज से आए पुलिसकर्मियों की जरूरतों को देखते हुए दो साल पहले पुलिस लाइन में 96 क्वार्टर का निर्माण शुरू हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: Rs 2000 Note Withdrawn: काला धन खपाने गुलाबी नोटों को लोग ऐसे लगा रहे ठिकाने, ज्वैलर्स को हो रहा तगड़ा मुनाफा

पैसेंजर और माल लिफ्ट होंगी अलग-अलग
बिल्डिंग की खासियत होगी कि इसमें एक नहीं, बल्कि दो-दो लिफ्ट होंगी। एक लिफ्ट पैसेंजर यानी लोगों के आवागमन के लिए होगी जबकि दूसरी लिफ्ट भारी सामान ऊपर ले जाने के लिए होगी।

करीब तीन करोड़ की लागत से हुए तैयार
इन क्वार्टर के लिए करीब तीन करोड़ का बजट पास किया गया था। जिसमें अग्निशमन यंत्र से लेकर अन्य सभी जरूरी सुविधाएं है। सभी क्वार्टर 1-बीएचके है। एक बिल्डिंग में 12 फ्लोर बनाए गए हैं। वरिष्ठता सूची के आधार पर पुलिसकर्मियों को क्वार्टर आवंटित किए जाएंगे।

सभी क्वार्टर में काफी हद तक काम पूरा हो चुका है। ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि रंगाई-पुताई समेत जो भी छोटा-मोटा काम है उसे जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए। - मुकेश सिंह रावत, आरआई पुलिस लाइन

पुरानी पेंशन बहाली के लिए जुलाई में होगा बड़ा आंदोलन

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी शिक्षक मोर्चा ने भी जुलाई माह में बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इस संगठन की ओर से 18 मई को इंडियन पब्लिक सर्विस एंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में धरना दिया गया था। इस मुद्दे पर फेडरेशन की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीपी मिश्रा ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली के साथ निजीकरण का विरोध और स्थाई नियुक्तियां समेत 12 प्रमुख मांगें हैं।

जुलाई माह में प्रस्तावित आंदोलन में प्रत्येक राज्य से कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के साथ राष्ट्रीय वेतन आयोग का भी गठन किया जाए। बैठक में फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रेमचंद के अलावा विपिन त्यागी, संजय राणा, राहुल भारद्वाज, अजय वीर सिंह, सुशील कुमार, सुरेश कुमार सहित कई राज्यों के कर्मचारी नेता उपस्थित रहे। 

मेरठ पहुंच खेलो इंडिया की मशाल रैली

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स -2022 का तृतीय संस्करण लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी, गोरखपुर व दिल्ली में 25 मई से 5 जून तक आयोजित होगा। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मशाल रैली को रवाना किया था। जो कई जिलों से होते हुए रविवार शाम करीब 7 बजे हापुड़ से होते हुए मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम पहुंची। जहां एडीएम सिटी दिवाकर सिंह, खेल अधिकारियों और खिलाड़ियों ने भव्य स्वागत किया। 

मशाल रैली हापुड़ रोड, तेजगढ़ी चौराहा, यूनिवर्सिटी रोड, जेल चुंगी होते हुए स्टेडियम पहुंची। जहां एडीएम सिटी दिवाकर सिंह, खेल अधिकारी और खिलाड़ियाें ने मशाल लाने वाले सीतापुर के प्रद्यूमन राज सिंह व बाराबंकी निवासी सोम मिश्रा के गले में माला पहनाकर स्वागत किया। एडीएम सिटी दिवाकर सिंह ने युवा मेहनत और लगन से देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। मशाल रैली के साथ आए लोग पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में रुकेंगे।

सोमवार सुबह छह बजे मशाल रैली जिलाधिकारी आवास, कमिश्नरी चौराहा, एसएसपी आवास से वापिस कैलाश प्रकाश स्टेडियम पहुंची। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक मशाल रैली बीडीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल जागृति विहार, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक बालेराम बृजभूषण इंटर कॉलेज शास्त्रीनगर रहेगी। जहां से रैली पीलीभीत रवाना होगी। स्वागत में आरएसओ योंगेंद्रपाल सिंह, क्रीड़ाधिकारी लक्ष्यराज त्यागी, उपक्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, जेपी यादव, मनीष कुमार मौजूद रहे। 
 

जापान में दम दिखाएगी आरिका गोयल

जापान कराटे संगठन की ओर से रविवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में कराटे प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें दीवान पब्लिक स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा आरिका गोयल ने काटा वर्ग में प्रथम और कुमिटे वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। छात्रा ने जापान में 17 व 18 सितंबर को होने जा रही अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कराटे चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया। 

एमआरआई यूनिट जैसा न हो जाए जिला अस्पताल का ट्रॉमा सेंटर

मेरठ पीएल शर्मा जिला अस्पताल में 12 बेड का ट्रॉमा सेंटर का हाल भी कहीं एमआरआईआई यूनिट जैसा न हो जाए। ट्रॉमा सेंटर की बिल्डिंग बन गई है, लेकिन न तो इसके लिए अलग से डॉक्टर व स्टाफ आया है और न ही उपकरण आए हैं। इसे अक्तूबर 2022 में शुरू करना था, मगर अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसी अस्पताल पिछले करीब साढ़े तीन साल से एमआरआई यूनिट बनी हुई है, मगर मशीन न आने के कारण अभी तक यह चालू नहीं हो पाई है। 

ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने का उद्देश्य यह है कि हादसों में गंभीर घायलों का समय से इलाज कर जान बचाई जा सकेगी। यहां वेंटीलेटर, ऑक्सीजन, बाईपेप समेत अन्य आधुनिक मशीन और मॉड्यूलर ओटी समेत अन्य तमाम इलाज, ऑपरेशन की सुविधाएं होनी हैं। भवन निर्माण में करीब सवा करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। जिला अस्पताल में करीब सात करोड़ रुपये की कीमत की एमआरआई मशीन आनी है, जो अभी तक नहीं आ सकी है। 

मरीजों को मेगनेटिक रेसोनेंस इमेजिंग (एमआरआई) के लिए या तो मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता है या फिर निजी लैब में महंगी जांच कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। दावा किया गया था कि यूनिट बनने के बाद करीब सात करोड़ रुपये की एमआरआई मशीन यहां लगाई जाएगी। साथ ही चिकित्सक और अन्य स्टाफ भी नियुक्त होगा, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। निजी लैब में इनके लिए तीन से 25 हजार तक खर्च आता है। 

अभी लगेगा और समय 
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशलेंद्र सिंह का कहना है कि मुख्यालय का आदेश था कि ट्रॉमा सेंटर को हर हाल में छह महीने में तैयार करना है, लेकिन यह समय से न तो बन पाया और न ही अभी चालू हो पाया है। इसके लिए डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी अलग से आएगा। अभी और समय लग सकता है। एमआरआई यूनिट की बाबत शासन को अवगत कराया जा चुका है। शासन को निर्णय लेना है।

सरकार ने घटाई इलेक्ट्रिक वाहनों की सब्सिडी

सरकार ने अधिसूचना जारी कर इलेक्ट्रिक वाहनों की सब्सिडी घटा दी है। अब वाहन के एक्स शोरूम मूल्य के 15 प्रतिशत से ज्यादा सब्सिडी नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही 15 हजार रुपये से प्रति किलो वॉट सब्सिडी को घटाकर 10 हजार रुपये किलोवॉट कर दिया गया है। वहीं, कंपनियों को भी वाहनों की कीमत घटाने के आदेश दिए गए हैं। एंपियर ग्रीस के डीलर अंकुर बंसल ने बताया कि ओला की स्कूटी चार किलो वॉट में आती है। ओला पर पहले 60 हजार रुपये की सब्सिडी मिलती थी। अब सब्सिडी घटने के बाद 27,700 रुपये सब्सिडी मिलेगी। एंपियर ग्रीस स्कूटी की कीमत 1,18,500 रुपये है। इस गाड़ी पर छूट 34,500 रुपये दी जाती थी। अब इसे घटाकर 17,775 रुपये कर दिया गया है।  दूसरी ओर, सरकार की तरफ शर्त रखी गई थी कि सब्सिडी उन्हीं स्कूटी पर दी जाएगी, जिनकी कीमत 1.50 लाख रुपये से कम होगी, लेकिन मोटा मुनाफा कमाने के लिए बड़ी कंपनियां स्कूटी की कीमत से अलग चार्जर और सॉफ्टवेयर के नाम पर 10 से 20 हजार रुपये तक वसूल रहीं थी। 

इस बार 14.40 लाख पौधे लगाएगा ग्राम विकास विभाग

मेरठ वन विभाग की ओर से इस साल भी पौधरोपण अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी विभागों को उनके द्वारा किए जाने वाले पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है।

सबसे अधिक 14.40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य ग्राम विकास विभाग को दिया गया है। यह पिछले लक्ष्य से 1 लाख अधिक है। कुल पौधरोपण की बात करें तो इस बार 26 विभागों द्वारा 27.14 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पिछले साल इन 26 विभागों द्वारा 24.67 लाख पौधे लगाए गए थे। 

वन विभाग के द्वारा भी इनसे अलग 1.60 लाख पौधे लगाए जाएंगे। डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि पौधरोपण अभियान वर्षाकाल के समय जुलाई में शुरू होगा।

पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को भेजा जेल

कंकरखेड़ा में नाम बदलकर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी आमिर को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। उसे जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी नीरज मलिक ने बताया कि कंकरखेड़ा निवासी युवती से आमिर ने पहले दोस्ती की और इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शनिवार रात ही पुलिस ने आरोपी को हापुड़ अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया।  

अभी एक सप्ताह और नहीं होगा स्नातक में पंजीकरण

अभी एक सप्ताह तक स्नातक में पंजीकरण नहीं हो सकेंगे। सीसीएसयू प्रशासन के मुताबिक यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई के 12वीं पास छात्रों का डाटा उपलब्ध न होने के कारण पंजीकरण की प्रक्रिया में समय लगेगा। वहीं रविवार को भी छात्र-छात्राएं वेबसाइट पर पंजीकरण के लिए प्रयास करते रहे, लेकिन पोर्टल नहीं खुल पाया। 

सीसीएसयू परिसर और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक में प्रवेश के लिए शनिवार को पोर्टल खोल दिया गया है। पहले दिन तमाम दिक्कतों की वजह से पोर्टल खुलने में दिक्कत रही। रविवार को पोर्टल काम करने लगा मगर वर्ष 2022-23 में 12वीं पास करने वाले किसी भी विद्यार्थी का स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण नहीं हुआ।

विद्यार्थियों ने वेबसाइट पर दिए फोन नंबर को मिलाया मगर संपर्क नहीं हुआ। पता चला है कि पंजीकरण नहीं होने की वजह साइट में खराबी नहीं बल्कि सीसीएसयू के पास तीनों बोर्ड से 12वीं पास छात्र-छात्राओं का डाटा नहीं आया है। जब तक बोर्डों से डाटा नहीं मिलेगा तब तक वर्ष 2022-23 में पास किसी भी विद्यार्थी का पंजीकरण नहीं होगा।

पूर्व में पास विद्यार्थी करा सकते हैं पंजीकरण
जिन छात्र-छात्राओं ने 2022-23 से पहले 12वीं पास की है, वह जरूर सीसीएसयू परिसर अथवा मनपसंद काॅलेज में प्रवेश के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। 

अभी वर्ष 2022-23 में 12वीं पास करने वाले यूपी बोर्ड, सीबीएसई व आईसीएसई के विद्यार्थियों का डाटा नहीं मिला  है। जब तक डाटा नहीं मिलेगा तब तक पंजीकरण संभव नहीं है। हां, इससे पूर्व 12वीं पास करने वाले पंजीकरण करवा सकते हैं। - प्रो. भूपेंद्र सिंह, डीएसडब्ल्यू, सीसीएसयू

मुजफ्फरनगर में नई मंडी कोतवाली पुलिस ने फर्जी दरोगा को पकड़ा है। बताया गया कि फर्जी दरोगा ने युवती को भगा ले जाने के मामले में आरोपी पक्ष को मुकदमा खत्म कराने का आश्वासन देकर दो हजार रुपये ठगे थे। वह दोबारा 28 हजार रुपये लेने आया था, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, पर्स, उत्तर प्रदेश पुलिस लिखा मास्क बरामद किया गया। मंडी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया।

किसानों ने सड़क पर लगाया जाम, प्रदर्शन

बिजनौर में बिजली, बकाया भुगतान, बेसहारा पशु से निजात दिलाने को लेकर किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले गन्ना समिति के बाहर सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। आंदोलित किसानों ने कहा कि यह सड़क पर धरना अनिश्चितकालीन चलेगा। 

जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह सोनू ने कहा कि किसान अपनी व्यथा सुना रहा है, लेकिन हाकिम किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है। कहा कि किसान को कमजोर नहीं समझा जाए। किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों का आरोप है कि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है और न ही कोई अधिकारी इन समस्याओं का निदान करने को तैयार है। इससे गुस्साए किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जाम लगाने की सूचना पर प्रशासनिक अफसर व पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को शांत करने में लग रहे हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर आदि अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों को मनाने में लगे हुए हैं।

बिजनौर में 11 दिन बाद मिला एक कोरोना संक्रमित

बिजनौर जिले में कोरोना की रफ्तार थम गई थी। लेकिन सोमवार को 11 दिन बाद एक युवक कोरोना संक्रमित मिला है। सोमवार को 391 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिनमें से 390 को कोरोना की पुष्टि नहीं हुई। वहीं ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के गांव फरीदपुर काजी निवासी 24 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला। जिले में इस समय कोरोना का केवल एक मामला ही सक्रिय है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में स्थित आईडीएसपी विभाग के मुताबिक, संक्रमित युवक की तबीयत ठीक है। युवक के हाथ की हड्डी टूट गई थी। जिस वजह से उसका ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन से पहले चिकित्सकों ने कोरोना जांच कराई, जिसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।

पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति

मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव मेदपुर में एक व्यक्ति ने हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। उधर, घटना की जानकारी लगने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

ये है मामला
नसरुद्दीन पुत्र रसीद पुचपेड़ा निवासी ने पत्नी फरजाना (45) की हत्या कर दी। वहीं, घटना के बाद बेटी समरीन ने शोर मचाकर पड़ोसियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे दबोच लिया और उसकी जमकी धुनाई की। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी।

दोषी को पांच साल की सजा और 25 हजार रुपये जुर्माना

मुजफ्फरनगर में अदालत ने एक हादसे के मामले में दोषी को पांच साल की सजा और 25 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। सत्र परीक्षण की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर-तीन गोपाल उपाध्याय ने की।

सहायक शासकीय अधिवक्ता फौजदारी अरुण शर्मा ने बताया कि लक्ष्मण विहार निवासी वादी राजेंद्र शर्मा ने 29 अक्तूबर वर्ष 2012 को सिविल लाइन थाने में मुकदमा कायम कराया था। घटना के दिन वादी का लड़का पंकज शर्मा प्रकाश चौक पर बिजली वाले की दुकान पर काम कर रहा था। काम करने के बाद वह साइकिल से अपने घर जा रहा था। वहीं, महावीर चौक होते हुए जानसठ रोड ओवरब्रिज के पास पहुंचा तो एक ट्रक ने पंकज को टक्कर मार दी। इसके अलावा मौके से गुजर रहे सिखेड़ा के गांव निराना निवासी नईम पुत्र रईस, अंकित विहार निवासी मुकेश और उसकी पत्नी कविता एवं पुत्री निशा को कुचल दिया था। अस्पताल में पांचों घायलों को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया था। सिविल लाइन पुलिस ने विवेचना के बाद आरोपी चंद्रपाल और संजय त्यागी के खिलाफ धारा 304 आईपीसी में आरोप पत्र भेजा। विचारण के दौरान एक अभियुक्त संजय त्यागी की मृत्यु हो जाने के कारण उसके विरुद्ध प्रकरण की कार्रवाई उपशमित कर दी गई। अभियोजन पक्ष ने नौ गवाह प्रस्तुत किए। अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद को धारा 304 (2) भारतीय दण्ड संहिता के अन्तर्गत पांच वर्ष के कारावास एवं 25 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, युवक की मौत

बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव भज्जावाला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक सवार युवक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, घायल को पुलिस ने राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है।

किसान को खेत में मिले गुलदार के तीन शावक

बिजनौर के नहटौर में खेत में गन्ने की छिलाई के दौरान किसान को गुलदार के तीन शावक मिले। गुलदार के शावक मिलने की सूचना पर शावक देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बाद में किसान ने गुलदार के शावकों को खेत मे ही छोड़ दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed