Meerut News Live: दरिंदगी करने वाले दो बुजुर्ग शिक्षकों को 20-20 साल की सजा, जलती चिता से निकाला अधजला शव
मेरठ निगम की आज होने वाली पहली बोर्ड बैठक में सफाई कर्मचारियों की ठेकेदारी और होर्डिंग माफिया राज खत्म करने पर मंथन होगा।
लाइव अपडेट
मेरठ में कंकरखेड़ा के हाईवे स्थित ग्रांड रिसाला रिसोर्ट में मंगलवार को भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अंकुर राणा का रिसेप्शन हुआ। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने नव दंपती को विवाह की शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं के साथ चुनाव को लेकर भी चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष के साथ फोटो व सेल्फी खिंचवाने के लिए भाजपा नेताओं की होड़ लगी रही। एक घंटा रुकने के बाद प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह, ऊर्जा मंत्री सोमेंद्र तोमर, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष विमल शर्मा, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम व मनिंदर पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र के स्कूल में नौ साल की मासूम छात्रा के साथ दरिंदगी करने वाले दो बुजुर्ग शिक्षकों को अदालत ने 20-20 साल कैद की सजा सुनाई है। वारदात के 16 माह बाद फैसला आया। विशेष अपर सत्र न्यायालय (पॉक्सो एक्ट) के पीठासीन अधिकारी बाबूराम ने फैसला सुनाया।
विशेष लोक अभियोजक दिनेश कुमार शर्मा और मनमोहन वर्मा ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के निजी स्कूल में दो मार्च 2022 को नौ साल की मासूम के साथ शिक्षक राजकुमार शर्मा और उदयपाल ने दरिंदगी की थी। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। तीन मार्च को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। प्रकरण की सुनवाई विशेष अपर सत्र न्यायालय (पॉक्सो एक्ट) के पीठासीन अधिकारी बाबूराम ने की। मंगलवार को अदालत ने दोनों अभियुक्तों को दोषी पाया। दोनों दोषियों को 20-20 साल के कारावास और 50-50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। दोषी राजकुमार शर्मा सरकारी स्कूल से सेवानिवृत्त होकर निजी स्कूल का संचालन कर रहे थे और पढ़ा भी रहे थे।
बिजनौर के अफजलगढ़ में रेहड़ क्षेत्र के गांव सादकपुर में पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मासूम बच्चे की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मंगलवार को सादकपुर गांव निवासी अंकुर कुमार का डेढ़ वर्षीय पुत्र तेजस घर मे खेल रहा था, जबकि परिजन दैनिक कार्यो में व्यस्त थे। काफी देर तक तेजस के नहीं दिखाई देने पर उन्होंने बच्चे को ढूंढना शुरू किया। वहीं, बच्चे को पानी की बाल्टी में सिर के बल पड़ा देख परिजनों की चीख निकल गई। परिजन तत्काल बच्चे को चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा कि बाल्टी पकड़कर खेलते समय बच्चा बाल्टी में गिर गया होगा। देर तक पानी में पड़े रहने के कारण बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजन सदमे में है।
एक व्यक्ति से ठगे दो करोड़ रुपये, ऐसे फंसाया था झांसे में
सहारनपुर जनपद के गंगोह में में एक व्यक्ति से दो करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। बताया गया कि जमीन की खरीद-फरोख्त कराकर मुनाफे का झांसा देते हुए नकुड़ निवासी व्यक्ति से ठगी की गई है। इस मामले में पीड़ित द्वारा हरियाणा के अम्बाला एवं जनपद के विभिन्न स्थान निवासी 13 लोगों को नामजद करते हुए 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने जलती चिता से निकाला अधजला शव
मेरठ में थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव कलीना में किशोरी मौत के मामले में ऑनर किलिंग की सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद पुलिस हिंडन नदी के किनारे स्थित शमशान घाट पर पहुंची। जहां पर चिता के दौरान गांव या परिवार का कोई भी सदस्य नहीं मिला। जिससे पुलिस को किशोरी की मौत के मामले में शक हो गया। तभी पुलिस ने जलती चिता से किशोरी का शव निकाला। तब तक मृतका का शव आधा जल चुका था। पुलिस ने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तमंचा दिखाकर कार सवार बदमाशों ने बाइक औऱ मोबाइल लूटा
देशराज मोहल्ले के रहने वाले इमरान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की सुबह वह अपने बेटे को छोड़ने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह नौरोजपुर रोड पर ईट भट्टे पर पहुंचा तो कार सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचा दिखाकर उससे बाइक औऱ मोबाइल फोन छीन लिया। उसने विरोध किया तो उसे गोली मारकर जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके बाद कार सवार बदमाश वहां से भाग गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से मोबाइल लूटने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर पुलिस मामले की जांच जुट गई।
ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती परीक्षा 26 व 27 जून को
डीजीपी के सामने विधायक अतुल ने उठाया यौन शोषण का मुद्दा
आरोपी अधिवक्ता रमेश चंद गुप्ता के अलावा दो भाजपा नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। उन्होंने मांग की कि भाजपा नेताओं के नाम सार्वजनिक कर उन्हें गिरफ्तार कर किशोरी को न्याय दिलाया जाए। कमिश्नर सभागार में प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक कर रहे थे। इसकी जानकारी लगते ही सपा विधायक अतुल प्रधान अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। बैठक के बाद प्रमुख सचिव और डीजीपी से अतुल ने मुलाकात की। किशोरी से यौन शोषण के आरोपी अधिवक्ता, दो भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी न होने पर अतुल ने डीजीपी से नाराजगी जताई। मेरठ में यह मामला गर्माया हुआ है। इसके बावजूद मेरठ पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। डीजीपी ने विधायक से मामले में अभी जांच चलने की बात कही।
भूगर्भ जलस्तर सुधार के लिए 66 तालाबों की खोदाई
इसकी शुरूआत तहसील मवाना में 14 तालाब, तहसील सरधना में 19 और तहसील मेरठ में 33 तालाबों की खुदाई का कार्य प्रारंभ कराया गया। जिलाधिकारी दीपक मीणा और मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि ग्राम्य विकास एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तालाबों पर खोदाई शुरू कर दी है।
ठेका प्रथा खत्म न होने पर सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी भी दी। महापौर ने बताया कि पहली बोर्ड बैठक में सफाई कर्मचारियों की ठेका प्रथा खत्म करने पर मंथन होगा। होर्डिंग माफिया राज भी खत्म होगा। अबकी बार ओपन टेंडर होंगे, ताकि दूसरे शहर के लोग भी होर्डिंग का टेंडर ले सके। इसका निगम को लाभ मिलेगा। इसके अलावा शास्त्रीनगर में निगम की नई बिल्डिंग पर चर्चा होगी।