मेरठ MLC मतगणना केंद्र पर हंगामा: निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ और दरोगा की तीखी बहस; बोले- औकात में रहो
मेरठ के मोदीपुरम स्थित कृषि विश्विद्यालय में बने एमएलसी मतगणना केंद्र पर अंदर जाने को लेकर स्नातक प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ और दरोगा में बहस हो गई। प्रत्याशी ने केवल भाजपा नेताओं को प्रवेश देने और अन्य प्रत्याशियों को रोकने का आरोप लगाया। केंद्र पर 800 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
विस्तार
मेरठ के मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मंगलवार को एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान प्रवेश को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई। निर्दलीय स्नातक प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ और एक दरोगा के बीच तीखी बहस हुई। वशिष्ठ ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को अंदर जाने दिया जा रहा है। वहीं, मतगणना केंद्र की सुरक्षा के लिए 800 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
प्रवेश को लेकर प्रत्याशी और दरोगा में हुई तीखी बहस
मोदीपुरम स्थित मतगणना केंद्र पर मंगलवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बिना अनुमति किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया जा रहा था। इसी दौरान स्नातक प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ ने खुद को प्रत्याशी बताते हुए अंदर जाने की मांग की। पुलिसकर्मियों की ओर से रोके जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
इस बात को लेकर विक्रांत वशिष्ठ और एक दरोगा के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। इस दौरान मतगणना केंद्र पर गहमागहमी बनी रही।
यह भी पढ़ें: एमएलसी चुनाव: ऐसे तय होती है उम्मीदवारों की जीत-हार, जानिए क्या है वरीयता मतों की गिनती का पूरा गणित
भाजपा नेताओं को प्रवेश देने का लगाया आरोप
विक्रांत वशिष्ठ ने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्र पर भाजपा के लोगों को बिना रोकटोक प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि अन्य प्रत्याशियों को रोका जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर उनकी पुलिस अधिकारी से बहस हुई।
वहीं पुलिस के अनुसार विक्रांत वशिष्ठ मोबाइल लेकर अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस के रोकने पर वह भड़क गए।
मतगणना केंद्र पर 800 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों से लगातार जानकारी ले रहे हैं।
एसएसपी के अनुसार, मतगणना स्थल पर 800 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें एसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर और सिपाहियों के साथ पीएसी और आरआरएफ के जवान भी शामिल हैं। परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है।
सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर भी निगरानी
मतगणना केंद्र के परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया की निगरानी भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। वहीं एसएसपी का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।